bhagalpur news. नशे के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग

शहर में बढ़ते नशे के कारोबार और युवाओं में फैलती नशे की प्रवृत्ति के खिलाफ रविवार को असानंदपुर ड्रग ट्रैफिकिंग स्क्वाड शिया टोली के बैनर तले जागरूकता पैदल मार्च निकाला गया.
शहर में बढ़ते नशे के कारोबार और युवाओं में फैलती नशे की प्रवृत्ति के खिलाफ रविवार को असानंदपुर ड्रग ट्रैफिकिंग स्क्वाड शिया टोली के बैनर तले जागरूकता पैदल मार्च निकाला गया. नशा उन्मूलन अभियान के तहत आयोजित मार्च की शुरुआत अपराह्न चार बजे वी-2 मॉल के समीप असानंदपुर क्षेत्र से हुई. कार्यक्रम के आयोजक समाजसेवी सैयद अरशद अली थे. पैदल मार्च उर्दू इंटर गर्ल्स स्कूल, बड़ैचक नया टोला, लब्बू पासी लेन व पर्वती चौक मुख्य मार्ग से गुजरते हुए असानंदपुर पीरन शाह बंदगी मजार के समीप समाप्त हुआ. मार्च में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया. पूरे रास्ते नशा छोड़ो-परिवार जोड़ो, युवा बचाओ-देश बचाओ, नशा नहीं, शिक्षा चाहिए और स्वस्थ युवा-मजबूत राष्ट्र जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा. सभा को संबोधित करते हुए सैयद अरशद अली ने कहा कि समाज से नशे का उन्मूलन करना ही अभियान का मुख्य उद्देश्य है. उन्होंने कहा कि इससे पहले 26 अप्रैल को भी कैंडल मार्च निकालकर युवाओं को जागरूक किया गया था. अब अभियान को शहर के 51 वार्डों तक पहुंचाया जायेगा. वरिष्ठ पत्रकार व समाजसेवी सईद अनवर ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहा है और इसके खिलाफ समाज को एकजुट होना होगा. खुदाई खिदमतगार के अध्यक्ष व गांधीवादी मोहम्मद शाहवाज़ ने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की. वहीं मोहम्मद एजाज ने कहा कि प्रशासन और जनता के संयुक्त प्रयास से ही नशा उन्मूलन संभव है. मार्च के समापन पर आयोजक ने तातारपुर पुलिस व विश्वविद्यालय थाना के सहयोग के लिए आभार जताया. मौके पर मंजर आलम, अधिवक्ता जावेद हुसैन, अधिवक्ता आशिफ मंजूर, देवाशीष गुप्ता, अरमान, मो ऐजाज रूमी, ताजदार, शफीक, रफीक, आमिर रिजवान, आराम बानो, दीपक, पप्पू साह, शाबान, ओन, चीकू, फैजान, दानिश, लड्डू, ज़ब्बार, इरफान, मिट्ठू, गुलाम, ट्विंकल, पप्पू, शमसुद्दीन, अनवर, अग्गन, बाबर, बब्बा और बकर समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.
इशाकचक में नशा उन्मूलन को लेकर जागरूकता सभा आयोजित
इशाकचक मोहल्ले में रविवार को समाजसेवी मो नसीमुद्दीन की अध्यक्षता में सूखा नशा के विरोध में जागरूकता सभा आयोजित की गयी. सभा में समाज के गणमान्य लोगों के साथ इशाकचक थानाध्यक्ष आलोक कुमार व अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे. सभा में वक्ताओं ने कहा कि नशा समाज को खोखला करने वाली गंभीर बुराई है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उपस्थित लोगों ने एक स्वर में नशा के खिलाफ संकल्प लेते हुए समाज के हर वर्ग से नशा उन्मूलन अभियान को मजबूत करने की अपील की. स्थानीय लोगों ने कहा कि समाज से इस बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जायेगा और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जायेगा. सभा में सामाजिक एकता, जनजागरूकता और प्रशासन के सहयोग से नशामुक्त समाज बनाने पर विशेष बल दिया गया.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










