भागलपुर के नाथनगर में दो मासूमों की हत्या के बाद उबाल, आरोपित को खोजते हुए थाना पहुंचे ग्रामीण

Updated:
विज्ञापन

आरोपित सुभाष को खोजने थाना पहुंचे ग्रामीण,

भागलपुर के नाथनगर में दो मासूमों की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के बाद भी ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वे थाने पर पहुंच गए.

विज्ञापन

नाथनगर(भागलपुर) से नमन चौधरी की रिपोर्ट

Nathnagar Double Child Murder Case: भागलपुर. नाथनगर थाना क्षेत्र के लालूचक में दो मासूम बच्चों की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. मुख्य आरोपित सुभाष मंडल की गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने के बावजूद मंगलवार शाम ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. बड़ी संख्या में लोग नाथनगर थाना पहुंच गए और आरोपित को उनके हवाले करने की मांग करने लगे.

ग्रामीणों ने थाना परिसर में हाजत के अंदर तक जाकर सुभाष मंडल को तलाशना शुरू कर दिया. पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बताया कि आरोपित को पहले ही न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है, लेकिन कुछ समय तक लोग मानने को तैयार नहीं हुए.

थाना गेट के बाहर टायर जलाकर किया प्रदर्शन

थाना परिसर से बाहर निकलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने नाथनगर थाना गेट के सामने कई स्थानों पर टायर जलाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. इसके साथ ही मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया गया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा.

मौके पर नाथनगर सर्किल इंस्पेक्टर रंजीत कुमार और शांति समिति से जुड़े सदस्य पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया. पुलिस ने ग्रामीणों को सुभाष मंडल को जेल भेजे जाने से संबंधित प्रेस विज्ञप्ति और तस्वीर भी दिखाई. इसके बाद धीरे-धीरे लोग शांत हुए और सड़क जाम हटाया गया.

ग्रामीणों ने जताई नई आशंका

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि सुभाष मंडल की बहन, बहनोई और बच्चे लालूचक स्थित उसके घर पहुंच गए हैं. ग्रामीणों ने आशंका जताई कि उन्हें फंसाने की नीयत से परिवार के लोग कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं.

लोगों ने प्रशासन से सुभाष मंडल के घर पर तालाबंदी कराने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की.

पुलिस का दावा: प्रेम संबंध से जुड़ी थी हत्या की साजिश

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पूछताछ में सुभाष मंडल ने दिव्यांशु हत्याकांड के पीछे की कथित साजिश का खुलासा किया है.

पुलिस का कहना है कि सुभाष मंडल और सुलेखा देवी के बीच प्रेम संबंध था. सुलेखा, पांचू मंडल की पत्नी है. पुलिस के अनुसार, सुलेखा के बेटे आदित्य कुमार की पहले हत्या हो चुकी थी और उस मामले में भी सुभाष मंडल का नाम सामने आया था.

दिव्यांशु की हत्या का आरोप पांचू पर मढ़ने की योजना

पुलिस के अनुसार, आदित्य की हत्या के बाद सुभाष और सुलेखा ने मिलकर पंकज मंडल के बेटे दिव्यांशु की हत्या की योजना बनाई.

कथित साजिश यह थी कि दिव्यांशु की हत्या का आरोप सुलेखा के पति पांचू मंडल पर लगे और पुलिस यह मान ले कि पांचू ने अपने बेटे की हत्या का बदला लेने के लिए यह वारदात की है.

पुलिस का कहना है कि पांचू और पंकज के बीच पहले से गोतिया विवाद भी चल रहा था, जिसका लाभ उठाकर हत्या की साजिश रची गई.

शव को बोरी में लपेटकर झाड़ियों में फेंकने का आरोप

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सुभाष और सुलेखा ने दिव्यांशु की कथित रूप से गला घोंटकर हत्या की और उसके शव को सीमेंट की बोरी से बनी चटाई में लपेटकर गंगा किनारे झाड़ियों में फेंक दिया.

पुलिस का दावा है कि इस पूरी साजिश का उद्देश्य पांचू मंडल को जेल भेजना और दोनों का साथ रहना था. एसएसपी की ओर से जारी प्रेस नोट में भी इस कथित साजिश का उल्लेख किया गया है.

Nathnagar Double Child Murder Case: चार लोग नामजद, एक की गिरफ्तारी बाकी

नाथनगर इंस्पेक्टर अभय शंकर ने बताया कि मासूम दिव्यांशु हत्याकांड के मुख्य आरोपित सुभाष मंडल को मंगलवार को जेल भेज दिया गया है.

उन्होंने कहा कि इस मामले में कुल चार लोगों को नामजद किया गया है और सुभाष मंडल की मां मुन्नी देवी की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई जारी है.

Also Read: Prashant Kishor Won Bankipur Seat: क्या प्रशांत किशोर की जीत ने जातिवाद मॉडल का किया सफाया? PK की स्ट्रैटेजी की चर्चा तेज

Also Read: प्रशांत किशोर की जीत के पीछे 3 रणनीतिकार कौन? जिनकी मदद से नितिन नवीन के किले को ढहाया



विज्ञापन
प्रत्युष प्रशांत

लेखक के बारे में

By प्रत्युष प्रशांत

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन