मायागंज में महिला की मौत के बाद मचा बवाल, पति को मां ने मारा थप्पड़ तो भिड़ गये मायके-ससुराल वाले
मायागंज में महिला की मौत के बाद मचा बवाल,महिला का फाइल फोटो
भागलपुर जेएलएनएमसीएच मायागंज में एक महिला की मौत के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा मच गया. दिल की बीमारी से पीड़ित महिला की मौत के बाद पहुंचे मायके और ससुराल पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए, जिससे धक्का-मुक्की और मारपीट हुई. पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया और महिला का अंतिम संस्कार किया गया.
Mayaganj Hospital Woman Death: भागलपुर जेएलएनएमसीएच मायागंज में शनिवार की सुबह एक महिला की मौत के बाद ऐसा हंगामा हुआ कि अस्पताल परिसर में मौजूद लोग भी सकते में आ गये. दिल की बीमारी से जूझ रही महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मौत की खबर के बाद पहुंचे मायके और ससुराल पक्ष के लोग आमने-सामने आ गये. देखते ही देखते दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गयी.
आपके शहर में
हंगामे की सूचना मिलने पर बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस पहले मृतका के पति को थाने ले गयी. इसके बाद मायके पक्ष के लोगों को भी थाना बुलाया गया. पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों को समझाया गया, जिसके बाद मामला शांत हुआ. बाद में परिजन महिला का शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गये.
कौन थी मृत महिला, कैसे बिगड़ी थी तबीयत?
मृतका की पहचान लोदीपुर थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव निवासी पप्पू साह की पुत्री प्रियंका कुमारी उर्फ पप्पी के रूप में हुई है. उसका ससुराल बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के भरको गांव में है.
परिजनों के अनुसार प्रियंका की शादी 1 मई 2024 को भरको गांव निवासी संतोष सिंह के साथ हुई थी. शादी के बाद उसे एक पुत्र भी हुआ. परिजनों का कहना है कि गर्भावस्था के बाद प्रियंका को दिल की बीमारी होने की जानकारी मिली थी.
इसके बाद उसका इलाज पटना में कराया गया. चिकित्सकों ने परिजनों को बताया था कि उसे लंबे समय तक दवाएं लेनी होंगी. परिवार के मुताबिक बीमारी के कारण प्रियंका की तबीयत लगातार चिंता का विषय बनी हुई थी.
मायके वालों ने लगाया दवा बंद कराने का आरोप
मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि प्रियंका का पति संतोष नासिक में रहता है. उनका कहना है कि पिछले दिनों प्रियंका की दवा भी बंद कर दी गयी थी.
परिजनों के अनुसार प्रियंका करीब चार माह पहले मायके आयी थी. वहां दो दिन रहने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गयी. इसके बाद उसे इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच मायागंज में भर्ती कराया गया.
अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार अहले सुबह उसकी मौत हो गयी. बताया गया कि प्रियंका का पति संतोष बुधवार को नासिक से घर आया था. महिला की मौत के बाद मायके पक्ष के लोगों ने पति और ससुराल वालों पर कई आरोप लगाये.
पति को देखते ही बढ़ा विवाद, मां ने जड़ दिया थप्पड़
अस्पताल में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रियंका की मौत के बाद उसका पति संतोष मौके पर पहुंचा और रोने लगा. इसी दौरान मायके पक्ष के लोग आक्रोशित हो गये.
बताया गया कि प्रियंका की मां ने संतोष को थप्पड़ मार दिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी. देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया.
अस्पताल परिसर में हुए इस हंगामे से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी. सूचना मिलने के बाद बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कराया.
पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया
पुलिस ने पहले मृतका के पति संतोष को थाने ले जाकर पूछताछ की. इसके बाद मृतका के मायके पक्ष के लोगों को भी थाना बुलाया गया.
पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई. समझाने-बुझाने के बाद दोनों पक्ष शांत हो गये. इसके बाद परिजन शव को लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गये.
बरारी थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला बरारी थाना क्षेत्र से संबंधित नहीं है. हालांकि अस्पताल में विवाद की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया.
Mayaganj Hospital Woman Death: एक महिला की मौत और पीछे रह गया मासूम
प्रियंका की मौत ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. शादी के करीब दो साल के भीतर ही उसकी मौत हो गयी. परिजनों के अनुसार उसका एक छोटा पुत्र भी है.
एक तरफ परिवार बेटी और बहू की मौत से दुखी था, तो दूसरी तरफ अस्पताल में ही मायके और ससुराल पक्ष के बीच विवाद खड़ा हो गया. महिला की बीमारी, इलाज और दवा को लेकर मायके पक्ष की ओर से लगाये गये आरोपों ने पूरे मामले को और संवेदनशील बना दिया है.
हालांकि पुलिस के स्तर से इन आरोपों की पुष्टि नहीं की गयी है. महिला की मौत के वास्तविक कारण और मायके पक्ष की ओर से लगाये गये आरोपों को लेकर आधिकारिक रूप से कोई विस्तृत बयान सामने नहीं आया है. फिलहाल दोनों पक्षों के शांत होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए