Bihar: एसपी सर मेरी पत्नी ला दीजिये, सीओ साहेब भगाकर अपने घर ले गये हैं... अधेड़ का चौंकाने वाला आरोप

भागलपुर के रंगरा प्रखंड के सीओ पर एक अधेड़ व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि सीओ ने पैसे का प्रलोभन देकर उनकी पत्नी को घर से भगा लिया और अवैध संबंध के लिए अपने घर में रखा है. सीओ ने आरोपों को गलत बताया है.
बिहार के भागलपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां एक अधेड़ व्यक्ति ने अंचलाधिकारी यानी सीओ पर पत्नी को बहलाकर ले जाने और कैद करके रखने का आरोप लगाया है. इसे लेकर नवगछिया एसपी को आवेदन भी दिया गया है.
पुलिस जिला नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र का यह मामला है. सहोड़ा गांव के रहने वाले मोहम्मद कारे ने रंगरा प्रखंड के सीओ आशीष कुमार पर गंभीर आरोप लगाया है. मोहम्मद कारे का आरोप है कि रंगरा सीओ आशीष कुमार उनकी पत्नी को अपने घर लेकर चले गये हैं और ये कदम उन्होंने अवैध संबंध बनाने के लिए उठाया. इसे लेकर पीड़ित ने नगछिया एसपी को एक आवेदन भी लिखा है जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी को मुक्त कराने की मांग की है.
मोहम्मद कारे ने कहा कि उनकी पत्नी अचानक 1 जुलाई से गायब हो गयी. उन्होंने हर जगह पता लगाया लेकिन कुछ जानकारी नहीं मिली. जिसके बाद किसी ने सूचना दी कि उसकी पत्नी रंगरा सीओ के पास है और उनके घर में ही है. आवेदन में लिखा कि मोहम्मद कारे ने इस मामले को लेकर सीओ को फोन किया लेकिन सीओ के तरफ से धमकी मिली की इसकी जानकारी किसी को दे दी तो उसकी खैर नहीं. जान से मरवा देने की धमकी का आरोप सीओ पर है.

अपने आवेदन में पीड़ित ने लिखा कि सीओ पहले भी ऐसा काम कर चुके हैं. मीडिया से बात करते हुए पीड़ित ने बताया कि सीओ ने उसकी पत्नी को पैसा का प्रलोभन देकर भगा लिया है और पूर्णिया स्थित अपने घर में उसे रखा है. बताया कि उसे अपनी पत्नी से एकबार फोन पर बात हुई है और उसी समय सीओ से भी बात हुई . इस दौरान सीओ ने उन्हें धमकी दी. पीड़ित ने सीओ के ऊपर आरोप लगाते हुए कहा कि अवैध संबंध बनाने के लिए उनकी पत्नी को ले गये हैं.
वहीं इस पूरे मामले को लेकर सीओ ने मीडिया से कहा कि ये सारे आरोप गलत हैं. इसकी जांच होगी और सब सामने आ जाएगा. उन्होंने कहा कि वो किसी भी ऐसी महिला को नहीं जानते हैं. ये मामला भी उनकी नजर में नहीं आया था. उन्हें कुछ भी मालूम नहीं है.
Published By: Thakur Shaktilochan
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




