जर्जर आंगनबाड़ी में पढ़ रहे मासूम, समाजसेवी ने प्रशासन को चेताया

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 18 May 2026 1:45 PM

विज्ञापन

Bhagalpur News : कहलगांव में एक जर्जर आंगनबाड़ी भवन अब बच्चों के लिए खतरे का कारण बन गया है. दीवारों में बड़ी दरारें, टूटता प्लास्टर और टपकती छत के बीच 30 से ज्यादा नौनिहाल पढ़ाई करने को मजबूर हैं. हादसे की आशंका के बीच समाजसेवी ने प्रशासन को घेरते हुए नए भवन की मांग उठाई है.

विज्ञापन

कहलगांव, भागलपुर से प्रतिनिधि की रिपोर्ट :

भागलपुर जिले के कहलगांव प्रखंड स्थित ओगरी पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-286 की हालत बेहद खराब हो चुकी है. भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए युवा समाजसेवी दिलीप कुमार ने सोमवार को सीडीपीओ निकहत आरा को ज्ञापन सौंपकर तत्काल नए भवन निर्माण की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि केंद्र में पढ़ने वाले बच्चों की जान जोखिम में है.

दीवारों में दरार, छत से गिर रहा प्लास्टर

आंगनबाड़ी केंद्र का भवन कई वर्षों से मरम्मत के अभाव में खस्ताहाल बना हुआ है. भवन की दीवारों और छत में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं. इतना ही नहीं, छत का प्लास्टर लगातार टूटकर गिर रहा है.बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है, जब पूरा कमरा टपकने लगता है. ऐसे माहौल में छोटे-छोटे बच्चों को बैठाकर पढ़ाना सेविका और अभिभावकों दोनों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है.

“हर पल हादसे का डर”

आंगनबाड़ी सेविका रूबी कुमारी ने बताया कि बच्चे डर के कारण दीवार के सहारे बैठने से भी कतराते हैं. अभिभावकों का कहना है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है.ग्रामीणों के अनुसार यदि समय रहते भवन का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. लोगों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है.

समाजसेवी ने सीडीपीओ को सौंपा ज्ञापन

समाजसेवी सह वार्ड प्रतिनिधि दिलीप कुमार ने सीडीपीओ को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि आंगनबाड़ी बच्चों की शुरुआती शिक्षा और पोषण की नींव होती है. यदि यही स्थान असुरक्षित रहेगा, तो बच्चों का भविष्य भी खतरे में पड़ जाएगा.उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द नए भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिल सके.

जांच के बाद भेजा जायेगा प्रस्ताव

मामले को लेकर सीडीपीओ निकहत आरा ने बताया कि ज्ञापन प्राप्त हो गया है. भवन की स्थिति की जांच के लिए कनीय अभियंता को निर्देश दिया जाएगा.उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, भागलपुर को भेजकर नए भवन निर्माण का प्रस्ताव दिया जाएगा. साथ ही जल्द आवश्यक कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया गया.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन