Bhagalpur news गश्ती गाड़ी को हाइवा ने मारी टक्कर, तीन सिपाही घायल
Published by : JITENDRA TOMAR Updated At : 15 Feb 2026 12:46 AM
नवगछिया से आ रही तेज रफ्तार हाइवा ने गश्ती गाड़ी में आगे से धक्का मार दिया
एनएच-31 भवानीपुर थाना के सामने शुक्रवार की रात करीब 10 बजे भवानीपुर पुलिस की गश्ती गाड़ी एनएच-31 किनारे गश्ती पदाधिकारी एसआई हरिश्चंद्र उपाध्याय, चालक राकेश कुमार व तीन सिपाही के साथ गश्त कर रहे थे. इस दौरान नवगछिया से आ रही तेज रफ्तार हाइवा ने गश्ती गाड़ी में आगे से धक्का मार दिया, जिससे पुलिस गाड़ी करीब आठ-दस मीटर की दूरी पर असंतुलित होकर भवानीपुर थाना परिसर के सामने गिर गयी. गनीमत रही कि थाना में पड़ी दूसरी जब्त गाड़ी ने बुरी तरह से क्षतिग्रस्त गश्ती गाड़ी को पलटने से रोक लिया. गाड़ी में बैठे भवानीपुर थाना के तीन सिपाही बिहपुर हरियो के सुधीर पासवान का पुत्र डब्लू कुमार पासवान (36) , बिहपुर लत्तीपुर के गोपाल प्रसाद यादव का पुत्र अंकेश कुमार यादव (35) व नारायणपुर चौहद्दी के जयप्रकाश साह का पुत्र नंदकिशोर साह (40) जख्मी हो गये. सभी का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर में कराया गया. घटना के बाद तेज रफ्तार हाइवा तेजी में भाग रहा था, जिसे पुलिस ने खदेड़ कर पसराहा थाना क्षेत्र में पकड़ा. पुलिस हाइवा को जब्त कर लिया है, लेकिन हाइवा चालक फरार बताया जा रहा है. घायल सिपाही बताते हैं कि हमलोग कुछ समझ पाते तब तक हाइवा नजदीक से गाड़ी में धक्का मार दिया. सभी को आंतरिक व बाह्य चोट है. घटना के बाद अफरा – तफरी मच गयी. बिहार गृह रक्षा वाहिनी नवगछिया के कोषाध्यक्ष विकास कुमार झा ने बताया कि एक खाली हाइवा नवगछिया की ओर से काफी तेज गति से आ रहा था, जिससे घटना हुई. सभी घायल सिपाहियों से मिलकर उनका हाल चाल जाना. भवानीपुर थाना के एसएचओ शंभु कुमार ने बताया कि जब्त तेज रफ्तार हाइवा के विरुद्ध प्राथमिक दर्ज कर ली गयी है. चालक फरार है.
डायल 112 की तत्परता से बुजुर्ग महिला बची जान
नवगछिया स्टेशन रोड पर शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी, जब एक बुजुर्ग महिला अचानक सड़क पर अचेत होकर गिर पड़ी.मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. इस बीच डायल 112 पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया. सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. टीम में शामिल राहुल राज और उनके सहयोगी ने बिना देर किए महिला को उठाकर अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. घायल महिला की पहचान छोटी सिमरा के पृथ्वी शाह की पत्नी रामू देवी (65) के रूप में हुई है. वह राजेंद्र कॉलोनी जा रही थीं, तभी अचानक चक्कर आने से सड़क पर गिर गयी. गिरने से उनके सिर में चोट आयी. अस्पताल में उपचार के बाद पुलिस टीम ने मानवता का परिचय देते हुए उन्हें सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










