गंगा स्नान के लिए जा रहे 75 वर्षीय श्रद्धालु की सड़क हादसे में मौत, बाइक चालक पुलिस के हवाले

रोते-बिलखते परिजन व इनसेट में परमानंद राय का फाइल फोटो.
Bhagalpur Road Accident : मंगलवार सुबह गंगा स्नान के लिए सुलतानगंज जा रहे 75 वर्षीय परमानंद राय की रास्ते में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी. गंभीर रूप से घायल उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. ग्रामीणों ने बाइक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है.
Bhagalpur Road Accident : अकबरनगर थाना क्षेत्र के बड़ी भवनाथपुर निवासी 75 वर्षीय परमानंद राय की मंगलवार सुबह अन्य लोगों के साथ गंगा स्नान करने सुलतानगंज जा रहे थे. भवनाथपुर गांव के समीप सामने से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
ग्रामीणों ने बाइक चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
हादसे के बाद बाइक चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया. बाद में उसे अकबरनगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
धार्मिक प्रवृत्ति के थे परमानंद राय
परिजनों ने बताया कि परमानंद राय धार्मिक स्वभाव के व्यक्ति थे. वह नियमित रूप से गंगा स्नान करने जाते थे और गांव में होने वाले भजन-कीर्तन व धार्मिक आयोजनों में सक्रिय रूप से भाग लेते थे. खेती-किसानी उनका मुख्य व्यवसाय था और अपने सरल व्यवहार के कारण वे गांव में सम्मानित व्यक्तियों में गिने जाते थे.
परिवार और गांव में शोक की लहर
परमानंद राय अपने पीछे दो पुत्र, गौरव राय और गौतम राय सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. बड़ी संख्या में रिश्तेदार और ग्रामीण मायागंज अस्पताल पहुंचे. वहीं बिहपुर के बभनगामा निवासी निवास चौधरी, मृत्युंजय चौधरी, नितेश कुमार सहित कई लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ऋषव मिश्रा कृष्णा
ऋषव मिश्रा कृष्णा प्रिंट माध्यम में पिछले 22 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. फिल्म, शिक्षा और गीत लेखन में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










