भागलपुर में बाढ़ राहत कैंपों का जायजा लेने के बाद बोले प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा: 'सुधरे हैं हालात, पर 10 में 10 अंक नहीं'

Updated:
विज्ञापन

प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा प्रेस को संबोधित करते

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

भागलपुर के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने बाढ़ राहत कैंपों का निरीक्षण कर सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने माना कि इस बार व्यवस्था बेहतर है, पर 10 में 10 अंक देना अभी जल्दबाजी होगी. जानिए, उन्होंने क्या कहा.

विज्ञापन

भागलपुर. बाढ़ राहत कैंपों में इस बार पहले की तुलना में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं, लेकिन व्यवस्था को अभी 10 में 10 अंक नहीं दिये जा सकते. राहत शिविरों में सुविधाओं को और बेहतर करने की गुंजाइश है. सरकार अब बाढ़ से बचाव के स्थायी समाधान पर भी मंथन कर रही है. यह बात रविवार शाम परिसदन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान भागलपुर के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने कही. इससे पहले उन्होंने बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों और राहत शिविरों का भ्रमण कर वहां की स्थिति का जायजा लिया.

विज्ञापन

जीआर सूची, रोशनी, पेयजल और पशु चारे को लेकर निर्देश

प्रभारी मंत्री ने पॉलिटेक्निक कॉलेज और सीटीएस नाथनगर स्थित राहत शिविरों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की जीआर सूची में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिये. इसके अलावा राहत शिविरों में पर्याप्त रोशनी, पेयजल और पशु चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा.

उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत देने में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए. कैंपों में रह रहे लोगों की जरूरतों के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए.

2006-07 और 2008 की बाढ़ से की इस बार की तुलना

नीतीश मिश्रा ने कहा कि उन्होंने 2006-07 और 2008 की बाढ़ भी देखी है. उस समय की तुलना में इस बार बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविरों में काफी अधिक सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं.

उन्होंने बताया कि अब राहत शिविरों में बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था की जा रही है. आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित किये जा रहे हैं. सेविकाएं छोटे बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाने का काम कर रही हैं.

घर छोड़कर कैंप में रहना भी प्रभावित परिवारों के लिए मुश्किल

प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिन लोगों के घरों में बाढ़ का पानी पहुंच जाता है, उन्हें अपना घर छोड़कर राहत शिविर में आना पड़ता है. ऐसे में बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कैंप में रहना भी काफी कष्टकारी होता है.

उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को केवल राहत सामग्री उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है. उनकी जरूरतों के अनुसार राहत शिविरों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी. प्रशासन इस बाढ़ के अनुभव से यह सीखने का प्रयास कर रहा है कि भविष्य में राहत और बचाव व्यवस्था को और बेहतर कैसे बनाया जा सकता है.

राघोपुर बांध बचाने वाले मजदूरों को किया सलाम

नवगछिया अनुमंडल के राघोपुर बांध का जिक्र करते हुए मंत्री ने वहां काम कर रहे मजदूरों के प्रयास की सराहना की. उन्होंने कहा कि मजदूरों की मेहनत से बांध को बचाने में मदद मिली.

मंत्री ने बताया कि रेलवे की जमीन को बिहार सरकार के अधीन लेने का प्रयास किया जा रहा है. इसके बाद वहां बांध के साथ सड़क निर्माण की दिशा में भी काम किया जा सकता है.

बाढ़ से बचाव के स्थायी समाधान पर मंथन

नीतीश मिश्रा ने कहा कि बाढ़ से हर वर्ष होने वाले नुकसान को कम करने के लिए स्थायी कार्य किये जाने की जरूरत है. सरकार इस दिशा में मंथन कर रही है. हर बार बाढ़ के अनुभव से यह समझने का प्रयास किया जा रहा है कि बाढ़ का असर कम करने के लिए कौन से स्थायी उपाय अधिक प्रभावी हो सकते हैं.

BRICS सम्मेलन से देश का मान बढ़ा : मंत्री

प्रभारी मंत्री ने कहा कि BRICS सम्मेलन से देश का मान बढ़ा है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश की सेवा करते हुए 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.

उन्होंने कहा कि इस दौरान सरकारी योजनाओं के लाभार्थी 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के प्रति आशीष और आभार व्यक्त करने के तौर पर अपने-अपने घरों में एक दीपक जलायेंगे. स्कूलों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी और स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया जायेगा.

जनशिकायत के लिए प्रखंड स्तर पर लगेंगे कैंप

मंत्री ने बताया कि एक माह के दौरान नये विचारों पर चर्चा कर उन्हें धरातल पर उतारने का प्रयास किया जायेगा. नगर विकास विभाग की ओर से स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाने की योजना है.

इसके अलावा प्रत्येक प्रखंड में जनशिकायत के लिए अलग कैंप लगाया जायेगा. इन कैंपों में लोगों की समस्याएं सुनी जायेंगी और उनके समाधान की दिशा में पहल की जायेगी.

मौके पर भाजपा-जदयू के कई नेता रहे मौजूद

पत्रकार वार्ता के दौरान नगर विधायक रोहित पांडेय, प्रो. ललित नारायण मंडल, ई. शुभानंद मुकेश, विधान परिषद सदस्य विजय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार, जदयू जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश कुमार, जदयू प्रवक्ता शैलेन्द्र तोमर, भागलपुर विधानसभा प्रभारी समेत भाजपा-जदयू के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन