Bhagalpur News: सिल्क सिटी की सफाई व्यवस्था गड़बड़, 24 घंटे में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर होगी ब्लैक लिस्टेड

Published by : SANJIV KUMAR Updated At : 08 May 2025 1:13 AM

विज्ञापन

- नगर निगम की सामान्य बोर्ड की बैठक में सभी पार्षदों ने एक स्वर में सफाई एजेंसी का किया विरोध

विज्ञापन

– नगर निगम की सामान्य बोर्ड की बैठक में सभी पार्षदों ने एक स्वर में सफाई एजेंसी का किया विरोध- मेयर डॉ बसुंधरालाल ने किया प्रस्ताव पारित

वरीय संवाददाता, भागलपुर

सिल्क सिटी की सफाई व्यवस्था गड़बड़ है. जिम्मेदार सफाई एजेंसी को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. अब पानी सिर के ऊपर हो गया है. सफाई व्यवस्था बदहाल होने पर जनप्रतिनिधि व नगर निगम प्रशासन को कोप का भाजन होना पड़ता है. ऐसे में 24 घंटे में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दोनों एजेंसी को हटाने के साथ ही ब्लैक लिस्टेड कर दिया जायेगा. उक्त प्रस्ताव सभी पार्षदों के एक स्वर में विरोध के बाद मेयर डॉ बसुंधरालाल ने पारित किया. बुधवार को नगर निगम सभागार में सामान्य बोर्ड की बैठक के दौरान उक्त प्रकरण सामने आयी. बैठक की अध्यक्षता मेयर डॉ बसुंधरालाल ने की. संचालन नगर आयुक्त डॉ प्रीति ने किया. इस दौरान डिप्टी मेयर डॉ सलाहउद्दीन अहसन समेत सभी शाखा के प्रभारी उपस्थित थे.

पहलगाम हमले के शहीद देशवासियों को दी श्रद्धांजलि

इससे पहले बैठक में पूर्व डिप्टी मेयर डॉ प्रीति शेखर की पहल पर पहलगाम हमले में शहीद देशवासियों को श्रद्धांजलि दी गयी. इसके बाद सफाई व्यवस्था मामले पर अपनी-अपनी बात रखने को लेकर वार्ड 30 के पार्षद अभिषेक मिश्रा व वार्ड 14 के पार्षद अनिल पासवान के बीच तनातनी हो गयी. हालांकि सभी पार्षदों ने मामले को संभाला और एक स्वर में सफाई व्यवस्था की बदहाली की बात कही. वार्ड 20 के पार्षद नंदिकेश शांडिल्य व वार्ड 24 की पार्षद ने सफाई कार्य को रोक दिया. इसकी भी चर्चा बैठक में हुई. कहा कि जबतक बेहतर व्यवस्था नहीं होगी, तब तक जैसे-तैसे सफाई जरूरी नहीं.

15 दिनों के अंदर भामा शाह, ढेबर गेट व कर्ण द्वार का बने डीपीआर : नगर आयुक्त

बैठक में नगर आयुक्त डॉ प्रीति ने 15 दिनों के अंदर भामा शाह, ढेबर गेट व कर्ण द्वार का डीपीआर तैयार करने का निर्देश योजना शाखा प्रभारी को दिया. इसी क्रम में मेयर डॉ बसुंधरालाल ने रोशनी शाखा को सभी मोहल्ले में सड़क पर पर्याप्त रोशनी के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने का निर्देश दिया. जहां बुडको का काम पूरा नहीं हुआ है, वहां पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा करें. 15 दिन के अंदर डेवलपमेंट दिखना चाहिए. पार्षद नंदिकेश शांडिल्य की मांग पर लाजपत पार्क के आसपास के क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने का प्रस्ताव पारित किया गया.

कुप्पाघाट रोड में नाला निर्माण में लेट-लतीफी, बिना ढक्कन के नाला में गिरने से हो चुकी है मौतवार्ड 27 के पार्षद निकेश कुमार ने कुप्पाघाट रोड में नाला निर्माण में लेट-लतीफी पर असंतोष व्यक्त किया. कहा कि एक साल से नाला निर्माण का कार्य चल रहा है, जबकि एक साल के अंदर काम पूरा हो जाना चाहिए था. वहीं आगे कहा कि पांच दिन पहले ही नाला का ढक्कन नहीं होने से एक व्यक्ति की नाला में गिर कर मौत हो गयी. ऐसे में ढक्कन की समस्या का समाधान हो.

200 साल पुराने कुआं व सामुदायिक भवन का हो जीर्णोद्धार

वार्ड 13 के पार्षद रंजीत मंडल ने लब्बू पासी लेन स्थित 200 साल पुराने कुआं का जीर्णोद्धार चार लाख की लागत से कराने का प्रस्ताव दिया, जिसे पारित कर दिया गया. परबत्ती स्थित सामुदायिक भवन का जीर्णोद्धार करने के लिए दो साल से प्रस्ताव दिया जा रहा है, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ. पार्षद श्री मंडल ने रोष प्रकट किया. वार्ड 51 की पार्षद दीपिका मोदी ने कहा कि यहां की सबसे बड़ी समस्या हथिया नाला है, जो कि 40 साल से साफ नहीं हुआ है. करोड़ों की लागत से पूरे शहर का हथिया नाला साफ करने का नाटक पांच साल पहले किया गया, लेकिन इस नाला का कुछ नहीं हुआ.

सुशील मोदी के नाम से हो मारवाड़ी पाठशाला के सामने का सामुदायिक भवन

वार्ड 20 के पार्षद नंदिकेश शांडिल्य ने कहा कि एक साल पहले मारवाड़ी पाठशाला के सामने कुछ लोगों का अतिक्रमण सामुदायिक भवन से हटाया गया था. यह उनके प्रयास से हुआ था, लेकिन अब नगर निगम ने खुद अतिक्रमण कर लिया. यह सामुदायिक भवन आमलोगों के लिए है. इसस भवन का नाम पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी के नाम से हो. दरअसल इस भवन का निर्माण जनहित में उन्होंने ही कराया था.

मुख्य बाजार के 90 प्रतिशत हिस्सों में पाइपलाइन नहीं

वार्ड 38 के पार्षद अश्विनी जोशी मोंटी ने कहा कि उनके वार्ड क्षेत्र मुख्य बाजार में 90 प्रतिशत में पाइपलाइन नहीं बिछायी गयी है. ऐसे में यहां पेयजल संकट है. यहां प्रदेश व बाहर के हजारों ग्राहक प्रतिदिन आते हैं. कार्यालय प्रस्ताव में कहा कि सात निश्चय के तहत बचे कार्यों को पूरा किया जाये और संवेदक का भुगतान किया जाये.

वार्ड 23 में पार्षद कक्ष का हो निर्माण

वार्ड 23 की पार्षद रश्मि रंजन ने कहा कि पार्षद कक्ष के लिए जमीन चिह्नित कर ली गयी है, इसका निर्माण शुरू किया जाये. घंटाघर बोरिंग का फिर से काम शुरू हो, ताकि जलापूर्ति व्यवस्था बहाल किया जा सके. वार्ड 19 की पार्षद डॉ प्रीति शेखर ने कहा कि नये एनआइटी निकालकर सफाई कार्यों को बेहतर किया जाये. पूरे शहर में 5000 पोल पर नया लाइट लगेगा. इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया अपनायी जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SANJIV KUMAR

लेखक के बारे में

By SANJIV KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन