Bhagalpur news स्कूल समय में बीआरसी आना प्रतिबंधित, बीइओ का सख्त निर्देश

Published by : JITENDRA TOMAR Updated At : 03 Mar 2026 1:10 AM

विज्ञापन

प्रखंड के प्राथमिक, मध्य व उच्च माध्यमिक विद्यालयों में पठन-पाठन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने के उद्देश्य से प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी तनु कुमारी ने सख्त निर्देश जारी किया है.

विज्ञापन

सुलतानगंज प्रखंड के प्राथमिक, मध्य व उच्च माध्यमिक विद्यालयों में पठन-पाठन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने के उद्देश्य से प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी तनु कुमारी ने सख्त निर्देश जारी किया है. आदेश के अनुसार अब विद्यालय अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की रिपोर्ट या प्रतिवेदन जमा करने के लिए प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक अथवा कोई भी शिक्षक-शिक्षिका बीआरसी/बीएसी कार्यालय नहीं आयेंगे. बीइओ ने कहा है कि विद्यालय समय में शिक्षक-शिक्षिकाओं की रिपोर्ट या प्रतिवेदन लेकर कार्यालय आना अत्यंत खेदजनक है. इससे विद्यालयों में पठन-पाठन प्रभावित होता है और छात्रों की पढ़ाई बाधित होती है. विद्यालय अवधि में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को अनिवार्य रूप से विद्यालय में ही उपस्थित रहना होगा. आदेश में यह भी कहा गया है कि किसी विशेष एवं अत्यावश्यक कार्य की स्थिति में केवल प्रधानाध्यापक ही बीआरसी कार्यालय आयेंगे, वह भी पूर्व अनुमति के बाद. बिना अनुमति विद्यालय अवधि में किसी भी शिक्षक का बीआरसी कार्यालय आना अनाधिकृत माना जायेगा. बीइओ ने निर्देश दिया है कि सभी विद्यालय इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें. लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जा सकती है. इस आदेश के बाद प्रखंड के विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और पठन-पाठन व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जतायी जा रही है.

शिक्षक विवाद से बिगड़ा शैक्षणिक माहौल, डीइओ को भेजी गयी रिपोर्ट

सुलतानगंज कन्या मवि कुमारपुर में दो शिक्षकों के आपसी विवाद से उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति को लेकर बीईओ तनु कुमारी ने डीइओ को विस्तृत रिपोर्ट भेजी है. शिक्षक एवं शिक्षिका के विवाद के आवेदन की जांच के बाद, उसमें अंकित तथ्यों के आलोक में आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा की गयी है. बीइओ की ओर से भेजे गसे पत्र में स्पष्ट किया गया है कि विवाद से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है. पठन-पाठन कार्य में लगातार उत्पन्न हो रहे तनाव को देखते हुए एक शिक्षक के दूसरे विद्यालय में स्थानांतरण की मांग की गयी है, ताकि विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो सकें. विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने भी बीइओ को आवेदन सौंपते हुए विवाद की गंभीरता से अवगत कराया है. प्रधानाध्यापक के अनुसार, 28 फरवरी को आयोजित विद्यालय शिक्षा समिति एवं अभिभावकों की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया था कि विवाद में शामिल शिक्षक को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए. डीइओ से निर्देश प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.

विज्ञापन
JITENDRA TOMAR

लेखक के बारे में

By JITENDRA TOMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन