भागलपुर में मामी को भगा ले गया भांजा, पीड़ित पति की गुहार पर जोगसर पुलिस ने शुरू की छानबीन
जोगसर थाना
भागलपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां एक महिला अपने घर से अचानक लापता हो गई. पति ने रिश्तेदार के बेटे पर शादी का झांसा देकर भगा ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की मदद से महिला की तलाश कर रही है.
भागलपुर. जोगसर थाना क्षेत्र के आदमपुर इलाके में एक महिला के अचानक घर से गायब होने का मामला सामने आया है. महिला के पति ने अपने रिश्तेदार के बेटे पर पत्नी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर साथ ले जाने का आरोप लगाया है. पति ने थाने में आवेदन देकर पत्नी की बरामदगी की गुहार लगायी है. घटना दो सितंबर 2026 की दोपहर करीब 12 बजे की बतायी जा रही है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
आपके शहर में
घर लौटने पर गायब मिली महिला
महिला के पति के अनुसार, वह घटना के दिन घर लौटे तो पत्नी घर पर नहीं थीं. उनका मोबाइल फोन भी बंद मिल रहा था. इसके बाद उन्होंने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चला. बाद में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर महिला घर से सामान लेकर बाहर निकलती दिखाई दी.
सीसीटीवी में ई-रिक्शा पर युवक के साथ जाने का दावा
पति के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में महिला कुछ दूर जाने के बाद एक ई-रिक्शा के पास पहुंचती दिखी. आरोप है कि रिश्तेदार का बेटा ई-रिक्शा लेकर वहां पहुंचा था. महिला ने अपना बैग ई-रिक्शा में रखा और उसके साथ चली गयी. पति का कहना है कि आरोपी युवक उनके किराये के मकान के आसपास ही रहता था.
शादी का झांसा देकर साथ ले जाने का आरोप
महिला के पति ने आरोप लगाया है कि युवक ने उनकी पत्नी को प्रेम और शादी का झांसा दिया और मौका पाकर उसे अपने साथ ले गया. पति के अनुसार, महिला घर से करीब 12 हजार रुपये नकद और कुछ जरूरी सामान भी साथ ले गयी है. उन्होंने पुलिस से महिला की तलाश कर उसे बरामद करने की मांग की है.
पांच वर्षीय बच्चे को घर पर छोड़ने की बात
पति ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी को कई वर्ष हो चुके हैं और उनका पांच साल का बेटा भी है. महिला के अचानक घर से चले जाने के बाद बच्चा परेशान है. पति ने महिला की सुरक्षा को लेकर भी आशंका जतायी है और पुलिस से जल्द उसकी तलाश करने की गुहार लगायी है.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध अन्य जानकारी के आधार पर महिला और उसके साथ गये युवक की तलाश की जा रही है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए