रक्षाबंधन से पहले भागलपुर में राखियों की बहार, 6 करोड़ के कारोबार की उम्मीद

Updated:
विज्ञापन

रक्षाबंधन को लेकर गुलजार हुआ बाजार

भागलपुर में रक्षाबंधन की धूम मची है, बाज़ारों में 10-15% बिक्री बढ़ने और 6 करोड़ पार जाने की उम्मीद है। 5 रुपये से 5000 रुपये तक की राखियों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध है।

विज्ञापन

Raksha Bandhan 2026: भागलपुर. रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही भागलपुर के बाजारों में भाई-बहन के रिश्ते की रंगत दिखने लगी है. सुजागंज बाजार, मारवाड़ी टोला लेन और वेराइटी चौक समेत शहर के प्रमुख बाजारों में राखी और गिफ्ट की दुकानें सज गयी हैं. दुकानों पर सुबह से देर शाम तक खरीदारों की भीड़ पहुंच रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

इस बार कारोबारियों को बाजार से काफी उम्मीदें हैं. उनका अनुमान है कि पिछले साल की तुलना में राखी की बिक्री में करीब 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है. कारोबारियों की मानें तो इस बार भागलपुर में राखी का कारोबार छह करोड़ रुपये के पार पहुंच सकता है.

पांच रुपये से पांच हजार तक की राखियां

बाजार में हर उम्र और बजट के ग्राहकों के लिए राखियों की बड़ी रेंज उपलब्ध है. सामान्य राखियों की शुरुआत पांच-दस रुपये से हो रही है, जबकि डिजाइनर और चांदी की राखियां पांच हजार रुपये तक बिक रही हैं.

थोक कारोबारियों के अनुसार, भागलपुर में करीब 45 थोक राखी कारोबारी और 200 से अधिक छोटे-बड़े विक्रेता हैं. रक्षाबंधन से पहले करीब डेढ़ महीने तक राखी के कारोबार में तेजी रहती है. इस दौरान थोक बाजार में रोजाना करीब 10 से 12 लाख रुपये तक का कारोबार होने का अनुमान है.

भागलपुर केवल स्थानीय मांग को पूरा करने वाला बाजार नहीं है. यहां आने वाली राखियां आसपास के जिलों और झारखंड के कई हिस्सों में भी भेजी जाती हैं.

दिल्ली, जयपुर और कोलकाता से आती हैं राखियां

भागलपुर के बाजार में राखियों की बड़ी खेप दिल्ली, जयपुर और कोलकाता से पहुंच रही है. यहां से खगड़िया, मुंगेर, बेगूसराय, बांका के अलावा झारखंड के गोड्डा, धनबाद और देवघर तक राखियों की आपूर्ति की जाती है.

यानी रक्षाबंधन की तैयारी का असर केवल राखी दुकानों तक सीमित नहीं है. पैकिंग, गिफ्ट, मिठाई और अन्य छोटे कारोबार से जुड़े दुकानदारों को भी त्योहार के दौरान बिक्री बढ़ने की उम्मीद है.

युवाओं में कुंदन, महिलाओं को पसंद आ रही लुम्बा राखी

इस बार बाजार में फैशन के साथ पारंपरिक डिजाइन का भी मेल देखने को मिल रहा है. थोक कारोबारी रितेश धर्मानी के अनुसार, युवाओं के बीच कुंदन स्पेशल राखी की मांग सबसे अधिक है. इसमें स्टोन और डायमंड जैसी डिजाइन का इस्तेमाल किया गया है.

महिलाओं के लिए लुम्बा और छकलिया राखियों की मांग बढ़ी है. वहीं बच्चों के लिए बटरफ्लाई, म्यूजिकल और लाइट वाली राखियों के साथ टेडी वियर, बार्बी डॉल, स्पाइडरमैन, छोटा भीम, डोरेमोन और मिकी माउस जैसे कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां बाजार में आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं.

राखी के साथ डिजाइनर पैक भी खूब पसंद किये जा रहे हैं. इनकी कीमत करीब 15 रुपये से शुरू होकर 400 रुपये तक है.

फैंसी राखियों के साथ लौट रहा कच्चे धागे का चलन

आधुनिक डिजाइन की राखियों के बीच पारंपरिक राखियों की मांग भी कम नहीं हुई है. दुकानदारों के अनुसार, चंदन, रुद्राक्ष और स्वास्तिक वाली राखियों को ग्राहक पसंद कर रहे हैं.

पंडितों से राखी बंधवाने के लिए समय नहीं निकाल पाने वाले लोगों के लिए अब फैंसी राखियों को भी कच्चे धागे में तैयार किया जा रहा है. इससे आधुनिक डिजाइन और पारंपरिक मान्यता दोनों को एक साथ जोड़ा जा रहा है.

मोती और मूंगा जड़ित रंग-बिरंगी राखियां भी ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं.

किस राखी की कितनी कीमत?

कुंदन राखी की कीमत करीब 150 से 1000 रुपये तक है. पेयर सेट 20 से 2100 रुपये, बच्चों की राखी 20 से 200 रुपये और फैंसी राखी 20 से 200 रुपये तक उपलब्ध है. ब्रेसलेट राखी 200 से 1500 रुपये और चांदी की राखी 1000 से 5000 रुपये तक बिक रही है.

Raksha Bandhan 2026: 28 अगस्त को मनाया जायेगा रक्षाबंधन

इस वर्ष रक्षाबंधन का त्योहार 28 अगस्त, शुक्रवार को मनाया जायेगा. पंडित आनंद मिश्रा के अनुसार, सावन पूर्णिमा का प्रवेश 27 अगस्त की सुबह 9:08 बजे होगा और इसका समापन 28 अगस्त की सुबह 9:48 बजे होगा. उदया तिथि के आधार पर 28 अगस्त को रक्षाबंधन मनाया जायेगा.

राखी बांधने का शुभ समय सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक बताया गया है. वहीं अमृत मुहूर्त सुबह 9:10 बजे से 10:46 बजे तक रहेगा.

त्योहार की तारीख नजदीक आने के साथ बाजार में भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है. कारोबारियों को भरोसा है कि अंतिम दिनों में होने वाली खरीदारी इस बार भागलपुर के राखी कारोबार को नया रिकॉर्ड दे सकती है.

Also Read: JDU के पूर्व विधायक गोपाल मंडल कांग्रेस में होंगे शामिल, 4 बार रह चुके हैं MLA, टिकट कटने के बाद बदला सियासी ठिकाना

Also Read: बिहार के 11 लाख से ज्यादा गरीब परिवारों को पक्का घर मिलने पर स्वीकृति, CM सम्राट ने बताया ऐतिहासिक कदम


विज्ञापन
दीपक कुमार राव

लेखक के बारे में

By दीपक कुमार राव

दीपक कुमार राव प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, कला-संस्कृति व सामाजिक कार्य में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन