गोशाला परिसर में पुआल के ढेर में भीषण आग, एक गाय की मौत, लाखों का पशुचारा जलकर राख

Updated:
विज्ञापन
Featured Image

पुआल के ढ़ेर में लगी आग

भागलपुर शहर की गोशाला में पशु चारे के लिए रखे पुआल के विशाल भंडार में भीषण आग लग गई. आग की लपटों में एक गाय की दुखद मौत हो गई और लाखों रुपये के पशुचारे का नुकसान हुआ है. आग लगने का कारण अभी भी रहस्य बना हुआ है.

विज्ञापन

Bhagalpur Fire: भागलपुर शहर स्थित गोशाला परिसर में बुधवार देर शाम पशुओं के चारे के लिए रखे पुआल के विशाल भंडार में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे भंडारण स्थल को अपनी चपेट में ले लिया. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा देर रात तक आग बुझाने का अभियान चलता रहा.

आठ दमकलों ने घंटों की मशक्कत

आग लगने की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की चार बड़ी और चार छोटी दमकलों को मौके पर लगाया गया. कई घंटे तक लगातार पानी डालने के बावजूद आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका. पानी खत्म होने पर स्थानीय स्तर पर गायत्री अपार्टमेंट और एम बाजार से पानी की व्यवस्था की गई. जिला अग्निशमन पदाधिकारी संजय कुमार, अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी श्रवण कुमार सहित पूरी टीम मौके पर डटी रही.

एक गाय की जलकर मौत


अग्निशमन और पुलिस कर्मी घटना स्थल पर मौजूद
अग्निशमन और पुलिस कर्मी घटना स्थल पर मौजूद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के दौरान एक गाय अचानक आग की लपटों की ओर भाग गई और उसकी चपेट में आ गई. लोगों और दमकल कर्मियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौत हो गई. एक अन्य गाय के भी आग में फंसे होने की चर्चा रही, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी.

8 से 10 लाख रुपये का पुआल जलकर राख

Bhagalpur Fire: गोशाला समिति के सदस्यों ने बताया कि पशुओं के लिए तीन से चार महीने का पुआल हाल ही में भंडारित किया गया था. आग में पूरा भंडार जल गया. समिति के अनुसार पुआल की अनुमानित कीमत 8 से 10 लाख रुपये के बीच है. आग से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.

आग लगने का कारण अब भी रहस्य

गोशाला समिति के सदस्यों ने बताया कि जिस शेड में पुआल रखा गया था, वहां बिजली की कोई व्यवस्था नहीं है और आसपास से कोई विद्युत तार भी नहीं गुजरता. ऐसे में आग कैसे लगी, यह जांच का विषय है. पुलिस और अग्निशमन विभाग घटना के कारणों की जांच में जुट गये हैं.

अधिकारियों ने कहा, जल्द होगी जांच पूरी

अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि आग पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया गया और स्थिति अब नियंत्रण में है. आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जयेगी.


ALSO READ: नाथनगर से अगवा ढाई साल के मासूम का शव बरामद, गला घोंटकर हत्या की आशंका


विज्ञापन
ऋषव मिश्रा कृष्णा

लेखक के बारे में

By ऋषव मिश्रा कृष्णा

ऋषव मिश्रा कृष्णा प्रिंट माध्यम में पिछले 22 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. फिल्म, शिक्षा और गीत लेखन में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन