Bhagalpur News. प्रभार संभालते ही मैदान में उतरे नये कमिश्नर, विक्रमशिला सेतु पहुंचकर लिया हालात का जायजा

Updated:
विज्ञापन
Bhagalpur News. प्रभार संभालते ही मैदान में उतरे नये कमिश्नर, विक्रमशिला सेतु पहुंचकर लिया हालात का जायजा

नये कमिश्नर ने विक्रमशिला सेतु का लिया जायजा.

विज्ञापन

कमिश्नर बोले- भागलपुर में पहले से रही है यातायात की समस्या, विक्रमशिला पुल अब भी बड़ी चुनौतीप्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने सोमवार को योगदान दिया और इसके साथ ही प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ विक्रमशिला सेतु पहुंच गये. वहां बेली ब्रिज के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया. इससे पहले जिला अतिथि गृह में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया. पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया. विक्रमशिला सेतु पर प्रमंडलीय आयुक्त मीणा को जिलाधिकारी एवं सिटी एसपी ने बेली ब्रिज के निर्माण कार्य की प्रगति एवं अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी. इसके उपरांत उन्होंने बरारी घाट पर नाव परिचालन मार्ग का भी निरीक्षण किया और वहां जिला प्रशासन द्वारा की गयी व्यवस्थाओं, आयोजित स्वास्थ्य शिविर एवं जीविका दीदियों द्वारा लगाये गये भोजन स्टॉल का अवलोकन किया. मौके पर आयुक्त के सचिव विनोद कुमार सिंह, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी अनिल कुमार राय एवं संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

भागलपुर से पुराना जुड़ाव, यातायात व्यवस्था सुधारने पर रहेगा जोर

प्रभार ग्रहण करने के उपरांत प्रमंडलीय आयुक्त मीणा ने कहा कि भागलपुर की धरती से उनका पुराना जुड़ाव रहा है. पूर्व में भी वे यहां जिलाधिकारी और प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में कार्य कर चुके हैं और चार वर्षों बाद पुनः भागलपुर में सेवा करने का अवसर मिला है. उन्होंने कहा कि भागलपुर में पूर्व से ही यातायात की समस्या रही है और वर्तमान में विक्रमशिला पुल की स्थिति भी चुनौती बनी हुई है. इसे दुरुस्त कराने का प्रयास किया जायेगा ताकि जल्द से जल्द यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार सड़क संपर्क को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है. सरकार का लक्ष्य है कि बिहार के किसी भी कोने से पटना तक पांच घंटे में पहुंच सुनिश्चित हो. इसके लिए निर्माणाधीन सभी सड़कों एवं परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराया जायेगा. प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि उनका दायित्व प्रमंडल के जिलों में विकास एवं राजस्व योजनाओं का सामान्य सुपरविजन करना है. भागलपुर एवं बांका जिलों में विकास कार्य बेहतर ढंग से संचालित हो रहे हैं और दोनों जिलों के जिलाधिकारी सराहनीय कार्य कर रहे हैं. सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं एवं विकासात्मक कार्यों को निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी.

विज्ञापन
काली किंकर मिश्रा

लेखक के बारे में

By काली किंकर मिश्रा

काली किंकर मिश्रा प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से अधिक समय से व डिजिटल माध्यम में पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. अमर उजाला, दैनिक जागरण के बाद फिलहाल प्रभात खबर भागलपुर कार्यालय में कार्यरत हैं. दिल्ली, पंजाब, झारखंड में पत्रकारिता कर चुके हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन