Bhagalpur News. हज यात्रा पर जिले से 134 लोग जायेंगे, पहला जत्था 18 अप्रैल को होगा रवाना
Published by : KALI KINKER MISHRA Updated At : 07 Feb 2026 10:27 PM
भागलपुर से 134 लोग हज के लिए जायेंगे.
— 14 फरवरी को सदर अस्पताल के नये भवन में आजमीने हज को लगाया जायेगा टीका
जिले से इस बार हज यात्रा पर 134 लोग जायेंगे. इनमें 74 महिला व 60 पुरुष शामिल हैं. पहला जत्था 18 अप्रैल को कोलकाता से रवाना होगा. इसे लेकर आजमीने हज ने तैयारी शुरू कर दी है. जिले से हज के लिए कुल 154 लोगों ने आवेदन किया है. इनमें 20 आवेदन तकनीकी कारणों से रद्द हो गया. दूसरी तरफ आजमीने हज को सदर अस्पताल के नये भवन में 14 फरवरी को टीका लगाया जायेगा. इसे लेकर शिष्टमंडल सिविल सर्जन से मिला. शिष्टमंडल में मौलाना असजद नाजरी नजर, हाजी उमर फारूक, हबीब मुर्शीद खां, एडवोकेट मानजर आलम व निशात अफरोज आदि थे. हाजी उमर फारूक ने सभी 134 लोगों से अपील की है कि सुबह दस बजे से सदर अस्पताल पहुंचे. टीकाकरण कराये.
पांच ट्रेनिंग कैंप में बताया जायेगा हज से जुड़े अरकान
हाजी उमर फारूक ने बताया कि हज यात्रा पर जा रहे लोगों को पांच ट्रेनिंग कैंप के माध्यम से हज से जुड़े अरकान के बारे में जानकारी दी जायेगी. पहला कैंप 15 फरवरी को गोलंबर चौक चंपानगर स्थित एक विवाह भवन में आयोजित किया जायेगा. दूसरा 29 मार्च को मोजाहिदपुर फ्लावर मिल स्थित हाजी इम्तियाज के आवास पर. दो अप्रैल को नाथनगर रेलवे स्टेशन के निकट मदरसा में, पांच अप्रैल को भीखनपुर इस्लामनगर वहदत एकेडमी व आठ अप्रैल को चंपानगर स्थित मदरसा इस्लाहुल मुस्लिमिन ट्रेनिंग कैंप आयोजित किया जायेगा. इसमें उलेमाओं द्वारा हज यात्रा, हज अरकान को कैसे पूरा करना, साथ में क्या सामान लेकर जाना, तैयारी कैसे करेंगे, एहराम कैसे पहनेंगे आदि की जानकारी दी जायेगी. हाजी उमर फारूक ने बताया कि इस बार हज को लेकर कई तरह के बदलाव किये गये हैं. जैसे आजमीने हज इस बार खुद से भोजन नहीं बना सकेंगे. इसकी व्यवस्था करायी जायेगी. और भी कई बदलाव शामिल हैं.
दो जून को होगी वापसी
जिले से इस बार ज्यादातर आजमीने हज कोलकाता से मदीना व मक्का के लिए रवाना होंगे. जिले के 60 अजमीने हज कोलकाता से, 59 दिल्ली से, 11 मुंबई व अन्य हैदराबाद एयरपोर्ट से रवाना होंगे. उन्होंने बताया कि आजमीने हज की वापस दो जून से होगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










