बिहार के इस जिले में 400 एकड़ में बनेगा इंडस्ट्रियल एरिया, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार, CM ने किया ऐलान

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
Bhagalpur Industraila Hub: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार के 211 नए डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई का शुभारंभ किया है. भागलपुर में एआई यूनिवर्सिटी, 400 एकड़ का औद्योगिक क्षेत्र, दो नए एयरपोर्ट और मुंगेर-भागलपुर मरीन ड्राइव के निर्माण के साथ ही अपराधियों और लापरवाह डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई का ऐलान किया गया है.
Bhagalpur Industraila Area: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर के गोराडीह में बने नए डिग्री कॉलेज से राज्यभर के 211 नए डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई की शुरुआत की. इस मौके पर सीएम ने कहा कि हर ब्लॉक के बच्चों को अपने ही इलाके में बढ़िया हायर एजुकेशन देने के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है.
इसके साथ ही मुजफ्फरपुर में आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी और भागलपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) व कंप्यूटर साइंस यूनिवर्सिटी बनाई जाएगी. साथ ही राज्य में 4 नई प्राइवेट यूनिवर्सिटीज को भी मंजूरी दी गई है.
एक साल में बनेगी आधुनिक विक्रमशिला यूनिवर्सिटी, विक्रमशिला सेतु 30 नवंबर तक होगा चालू
बिहार की पुरानी पहचान को वापस लाने के लिए प्राचीन विक्रमशिला यूनिवर्सिटी को नए और आधुनिक रूप में बसाने का काम शुरू हो गया है. इसके लिए राज्य सरकार ने करीब 220 एकड़ जमीन ट्रांसफर कर दी है और अगले एक साल के भीतर इसे तैयार करने का टारगेट रखा है. इसके अलावा, मुसाफिरों को बड़ी राहत देते हुए सीएम ने कहा कि खराब हो चुके विक्रमशिला सेतु को आगामी 30 नवंबर तक हर हाल में पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा.
भागलपुर में बनेगा बड़ा इंडस्ट्रियल एरिया, प्रवासियों से बिहार लौटने की अपील
स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और पलायन रोकने के लिए भागलपुर में करीब 400 एकड़ में नया इंडस्ट्रियल एरिया बनाया जाएगा. सीएम ने बिहार से बाहर रह रहे लोगों से अपील की है कि वे अपने राज्य वापस आएं और यहां बिजनेस शुरू करें. सरकार उन्हें जमीन, बिजली और पानी जैसी हर जरूरी सुविधा देगी.
सीएम ने कहा कि सरकार पीएम नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा कर रही है. उन्होंने कहा कि इस इंडस्ट्रियल हब के बनने से हजारों लोगों को जॉब मिलेगी.
महिलाओं के खाते में 25 जुलाई को आएगी राशि, मुंगेर-भागलपुर गंगा मरीन ड्राइव का काम शुरू
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चल रही मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत अब तक 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं के बैंक खातों में पैसे भेजे जा चुके हैं. बाकी बची पात्र महिलाओं के खातों में 25 जुलाई को राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी.
बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए मुंगेर से भागलपुर तक 83 किलोमीटर लंबी गंगा मरीन ड्राइव का निर्माण शुरू हो गया है, जिसका विस्तार सबौर से राजमहल बॉर्डर तक होगा. इसके साथ ही कहलगांव के प्रसिद्ध बटेश्वरधाम मंदिर तक श्रद्धालुओं के लिए रोप-वे बनेगा.
भागलपुर रीजन में सुल्तानगंज समेत दो नए एयरपोर्ट विकसित होंगे और पीरपैंती में 70 हजार करोड़ के निवेश से पावर प्लांट लगेगा, जिसकी क्षमता 2400 मेगावाट से बढ़ाकर 4000 मेगावाट की जाएगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
डॉक्टरों और अपराधियों पर सरकार सख्त
सीएम ने बताया कि सहयोग शिविर में आए 6 लाख आवेदनों में से 5.5 लाख का निपटारा समय पर किया जा चुका है. लापरवाही पर सिर्फ 4 अधिकारियों को ही तीसरा नोटिस मिला है. स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़ा फैसला लेते हुए उन्होंने कहा कि 15 अगस्त से सरकारी डॉक्टर मरीजों को बाहर के अस्पतालों में रेफर नहीं कर पाएंगे, उनका इलाज अनुमंडल और जिला अस्पतालों में ही होगा.
बेवजह रेफर करने वाले डॉक्टरों पर कार्रवाई होगी. वहीं, अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अपराधियों के लिए बिहार में कोई जगह नहीं है, उन्हें या तो भागलपुर जेल जाना होगा या बिहार छोड़ना होगा. इनके लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनेंगे और साइबर अपराधियों पर भी सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाएगा.
इसे भी पढ़ें: बिहार को मिलने जा रही एक और शानदार फोरलेन सड़क, बदल जाएगी इन 3 जिलों की सूरत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By परितोष शाही
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










