पश्चिम चंपारण की दो बेटियों ने रचा इतिहास, असिस्टेंट प्रोफेसर बन बढ़ाया जिले का गौरव

Updated:
विज्ञापन

असिस्टेंट प्रोफेसर में चयनित रत्ना कुमारी

पश्चिम चंपारण की दो बेटियों, रत्ना कुमारी और रिया कुमारी, ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है. दोनों ने असिस्टेंट प्रोफेसर बनकर अपनी मेहनत और प्रतिभा का लोहा मनवाया है.

विज्ञापन

Bettiah News: पश्चिम चंपारण की दो बेटियों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और लगन के बल पर शिक्षा जगत में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है. बगहा-1 प्रखंड के बांसगांव मंझरिया निवासी रत्ना कुमारी का चयन बिहार कॉलेज सेवा आयोग (बीसीएससी) के माध्यम से हिन्दी विषय की असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में हुआ है. वहीं गौनाहा प्रखंड के बसपुर पिपरा गांव की रिया कुमारी ने बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (बीएसयूएससी) की सहायक प्राध्यापक नियुक्ति परीक्षा में हिन्दी विषय में 134वीं रैंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है.

रत्ना कुमारी ने पहले ही प्रयास में हासिल की सफलता

रत्ना कुमारी हाईकोर्ट के अधिवक्ता रमेश उपाध्याय की पुत्री हैं. उनकी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय मध्य विद्यालय, मंझरिया से हुई. इसके बाद उन्होंने एमजेके कॉलेज, बेतिया से हिन्दी प्रतिष्ठा में स्नातक तथा काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से हिन्दी विषय में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की. पहले ही प्रयास में मिली इस सफलता से परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है.

रिया कुमारी ने हिन्दी विषय में हासिल की 134वीं रैंक

गौनाहा प्रखंड के बसपुर पिपरा गांव निवासी विजय चौबे और गुड़िया मिश्रा की पुत्री रिया कुमारी ने भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की है. प्रारंभिक शिक्षा नरकटियागंज में पूरी करने के बाद उन्होंने टीपी वर्मा कॉलेज से इंटरमीडिएट किया. इसके बाद बीएचयू से हिन्दी एवं अंग्रेजी विषय में स्नातक तथा हिन्दी में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की. सहायक प्राध्यापक नियुक्ति परीक्षा में 134वीं रैंक मिलने पर परिवार, शिक्षकों और ग्रामीणों ने खुशी जताई.

बीएचयू की शिक्षा बनी सफलता की मजबूत नींव

दोनों छात्राओं ने काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त कर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की. परिजनों ने बताया कि लगातार मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के कारण यह उपलब्धि संभव हो सकी. दोनों की सफलता से जिले के अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रेरणा मिलेगी.

क्षेत्र में खुशी का माहौल, लोगों ने दी बधाई

दोनों बेटियों के चयन की खबर मिलते ही पश्चिम चंपारण में खुशी की लहर दौड़ गई. परिजनों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. लोगों ने कहा कि इनकी सफलता जिले के लिए गौरव का विषय है.

यह भी पढ़ें: बगहा: सफाईकर्मियों की हड़ताल से शहरभर में कूड़े का अंबार, बढ़ी लोगों की परेशानी


विज्ञापन
मधुकर मिश्रा

लेखक के बारे में

By मधुकर मिश्रा

मधुकर मिश्र ने 1986 में आकाश मार्ग हिंदी दैनिक देवरिया उत्तर प्रदेश से पत्रकारिता की शुरुआत की थी. इसके बाद में दिल्ली और पटना से एक साथ प्रकाशित संध्या प्रहरी, आज, नवभारत टाइम्स में कार्य किए. इस क्रम में पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया में दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ रह चुके हैं. वर्तमान में बेतिया प्रभात खबर हिंदी दैनिक सह मल्टीमीडिया कार्यालय से जुड़कर कार्य कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन