28 अगस्त तक शिक्षक खुद जांचें अपनी ई-शिक्षाकोष प्रोफाइल, DEO राजन कुमार ने दिए कड़े निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी राजन कुमार
शिक्षा विभाग ने राज्य भर के शिक्षकों को ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपनी प्रोफाइल की जांच और सुधार के लिए 28 अगस्त तक का अंतिम अवसर दिया है. व्यक्तिगत सूचनाओं से लेकर नियुक्ति संबंधी त्रुटियों तक, जानें कैसे करें सुधार.
Bettiah News: शिक्षा विभाग ने ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर राज्य भर के शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रोफाइल में दर्ज त्रुटियों और अधूरी जानकारियों को दूर करने के लिए एक और अंतिम अवसर प्रदान किया है. प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक की ओर से जारी आधिकारिक पत्र के आलोक में सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO स्थापना) को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया गया है. इसके तहत पश्चिम चंपारण जिले सहित पूरे बिहार के शिक्षकों को अपनी प्रोफाइल की स्वयं जांच कर 28 अगस्त तक हर हाल में सुधार सुनिश्चित करना होगा.
आपके शहर में
समीक्षा में कई शिक्षकों की प्रोफाइल मिली अधूरी व त्रुटिपूर्ण
विभागीय पत्र में स्पष्ट किया गया है कि ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर शिक्षक प्रोफाइल, विद्यालय एवं अन्य संबंधित सूचनाओं को अद्यतन (अपडेट) करने की प्रक्रिया लगातार चल रही है.
पूर्व में भी शिक्षकों को प्रोफाइल सुधार का अवसर दिया गया था, लेकिन हालिया समीक्षा के दौरान पाया गया कि बड़ी संख्या में शिक्षकों की प्रोफाइल में जानकारी अब भी अधूरी या त्रुटिपूर्ण है. विभाग ने इसे अत्यंत गंभीरता से लेते हुए सुधार के लिए अंतिम समय-सीमा 28 अगस्त निर्धारित की है.
शिक्षक-शिक्षिकाओं को ऐसे करना होगा त्रुटि सुधार
विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार त्रुटि सुधार की प्रक्रिया निर्धारित की गई है:
- पंजीकरण व व्यक्तिगत सूचना (पृष्ठ 1 व 3): यदि किसी शिक्षक की प्रोफाइल के पृष्ठ संख्या एक (पंजीकरण) या पृष्ठ संख्या तीन (व्यक्तिगत सूचना) में कोई गलती है, तो संबंधित शिक्षक को DPO (स्थापना) को लिखित आवेदन देना होगा. आवेदन के आधार पर सत्यापन के उपरांत प्रोफाइल में सुधार किया जाएगा.
- नियुक्ति व शिक्षक प्रकार संबंधी त्रुटि: नियुक्ति के प्रकार, शिक्षक के प्रकार अथवा उप-प्रकार में त्रुटि होने पर संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी अपनी स्पष्ट अनुशंसा के साथ सूची मुख्यालय को भेजेंगे.
- स्थानांतरण व समायोजन आवेदक: समायोजन, समानुपातिक अथवा पारस्परिक स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन कर चुके शिक्षकों की प्रोफाइल में फिलहाल कोई बदलाव नहीं होगा. यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही संबंधित प्रोफाइल को अद्यतन किया जाएगा.
विभागीय आदेश का अचूक अनुपालन सुनिश्चित कराएं: डीईओ
शिक्षा विभाग ने जिला स्तर पर यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि निर्धारित तिथि के बाद किसी भी शिक्षक की प्रोफाइल में कोई त्रुटि शेष न रहे.
कोट: "जिले में कार्यरत विभिन्न कोटि के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा विभागीय आदेश का अनुपालन अचूक रूप से सुनिश्चित कराने का निर्देश सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (BEO) को दिया जा रहा है. इसका नियमित अनुश्रवण जिला शिक्षा कार्यालय के स्थापना संभाग द्वारा भी किया जाएगा." — राजन कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, पश्चिम चंपारण (बेतिया)
यह भी पढ़ें: सिकंदरपुर में सीवरेज पाइप बिछाने का काम शुरू, 20 से 27 अगस्त तक रूट डायवर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रवि 'रंक'
90 के दशक में विद्यार्थी जीवन से ही रवि 'रंक' के आलेख, निबंध, संस्मरण और कविताएं क्षेत्रीय पत्र पत्रिकाओं के लिए लिखते रहे हैं. हिंदी विषय में स्नातकोत्तर योग्यताधारी रवि 'रंक' ने दैनिक हिंदुस्तान के पटना से प्रकाशित उत्तर बिहार संस्करण के साथ जनवरी 2001 से अपनी पत्रकारिता शुरु की. फरवरी 2020 में हिंदुस्तान से अलग होकर प्रभात खबर के पश्चिम चंपारण संस्करण में बतौर जिला मुख्यालय संवाददाता के रूप में पदस्थापित हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए