बेतिया SP का कड़ा एक्शन, थानों की कसी नकेल, अब रात में मुस्तैद रहेगी पुलिस
बेतिया में एसपी कुमार गौतम की अध्यक्षता में अपराध गोष्ठी हुई. बैठक में वाहन चोरी के लंबित मामलों के जल्द उद्भेदन, वारंटियों की गिरफ्तारी और शराब तस्करों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए.
बेतिया क्राइम कंट्रोल: पुलिस केंद्र बेतिया स्थित पुलिस सभागार में सोमवार देर शाम तक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई. इसकी अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने की. बैठक में जिले में लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, वारंटियों की गिरफ्तारी, वाहन चोरी के मामलों के उद्भेदन और अपराध नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को कई जरूरी निर्देश दिए गए.
लंबित कांडों के अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश
एसपी कुमार गौतम ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को कांडों के पर्यवेक्षण और अनुसंधान में तेजी लाने को कहा. उन्होंने लंबित मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने और संबंधित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक यातायात, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, साइबर अपराध, रक्षित सहित सदर-01, सदर-02 और नरकटियागंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी अंचल पुलिस निरीक्षक, पर्यवेक्षी पदाधिकारी और थानाध्यक्ष मौजूद रहे.
वाहन चोरी के मामलों पर विशेष नजर

एसपी ने जिले में वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए ऐसे लंबित मामलों का जल्द उद्भेदन करने का निर्देश दिया. उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को मामलों की जांच में तेजी लाने और वाहन चोरी में शामिल अपराधियों तक पहुंचने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा.
इसके साथ ही शराब तस्करों और विभिन्न कांडों में लंबित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान तेज करने का निर्देश दिया गया.
वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलेगा अभियान
अपराध गोष्ठी में वारंट, सम्मन, ई-सम्मन, इश्तेहार और कुर्की से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई. एसपी ने वारंट निर्गत अपराधियों और विभिन्न कांडों में संलिप्त आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का सख्त निर्देश दिया.
दिन-रात गश्ती और वाहन जांच पर जोर
एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में दिन और रात की गश्ती को प्रभावी बनाने को कहा. खासकर रात्रि गश्ती के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया.
अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित एवं सतत वाहन जांच अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया.
जनशिकायतों का समय पर करें निष्पादन
बैठक में सूचना का अधिकार, चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट सत्यापन, सर्विलांस प्रोसीडिंग, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त आवेदनों तथा जनशिकायतों की जांच की भी समीक्षा हुई.
एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को इन मामलों का निर्धारित समय में निष्पादन करने और आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर काम करने का निर्देश दिया. विभिन्न पुलिस पोर्टलों पर लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई.
यह भी पढ़ें:
बेतिया कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस सप्ताह का समापन, अभयानंद-अंशु-रूपा बने बेस्ट एथलीट
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए