बेतिया में रीडर पर जानलेवा हमला कर छिनतई का प्रयास, सात युवक गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक कार्यालय
बेतिया में सोमवार देर रात एसपी के गोपनीय कार्यालय में प्रतिनियुक्त रीडर नवीन त्यागी को घेरकर छिनतई का प्रयास किया गया. विरोध करने पर कैंची से हमला किया गया. पुलिस ने सात युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
बेतिया न्यूज: नगर थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात पुलिस अधीक्षक के गोपनीय कार्यालय में प्रतिनियुक्त रीडर नवीन त्यागी पर जानलेवा हमला कर छिनतई का प्रयास करने के मामले में नगर थाना की पुलिस ने सात युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों में आर्यन कुमार, विकास कुमार, विनय कुमार, अंकित कुमार, कृष राज, प्रियांशु कुमार और नंदकिशोर प्रसाद शामिल हैं. सभी बस स्टैंड मोहल्ले के रहने वाले बताये गये हैं. पूछताछ के बाद पुलिस ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
हारिवाटिका चौक से क्वार्टर पर जा रहे थे रीडर
जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात करीब 11 बजे गोपनीय रीडर नवीन त्यागी, जो प्रशिक्षण प्राप्त सिपाही हैं, अपने साथी सिपाही रितेश कुमार के साथ बाइक से हरिवाटिका चौक की ओर से अपने क्वार्टर लौट रहे थे. दोनों जैसे ही हरिवाटिका चौक से कुछ दूरी आगे बढ़े, वहां मौजूद युवकों ने उन्हें घेर लिया और छिनतई का प्रयास करने लगे
विरोध पर कैंची से हमला
रीडर ने जब इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उन पर कैंची से हमला कर दिया. हमले में नवीन त्यागी की कमर पर चोट लग गयी. घटना के बाद साथी सिपाही रितेश कुमार की मदद से घायल रीडर को इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की सूचना मिलते ही कई पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की.
प्राथमिकी दर्ज, सात युवक गिरफ्तार
इस संबंध में नवीन त्यागी के बयान पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की. पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल सात युवकों को गिरफ्तार कर लिया. सदर एसडीपीओ-1 अजीत कुमार ने बताया कि रात में छिनतई की नीयत से रीडर को घेरकर उन पर हमला किया गया था. हमले में घायल रीडर का जीएमसीएच में इलाज कराया गया. मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए