धान रोपनी के दौरान खेत में शुरू हुआ विवाद, फिर कुदाल-लाठी से हमला... महिला ने लगाए गंभीर आरोप

प्रतीकात्मक तस्वीर
वैल्मीकिनगर के सेमरीडीह गांव में धान रोपनी के दौरान दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई. खेत जोतने को लेकर शुरू हुए इस विवाद में कुदाल और लाठी-डंडे चले, जिससे एक महिला सहित कई लोग घायल हुए हैं. पीड़िता ने 10 लोगों पर मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
Valmikinagar News: थाना क्षेत्र के सेमरीडीह गांव में धान रोपनी के दौरान खेत में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. घटना में एक 60 वर्षीय महिला समेत कई लोगों के घायल होने का आरोप है. पीड़िता ने 10 लोगों के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमला, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए वाल्मीकिनगर थाने में आवेदन दिया है.
पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.
खेत जोतने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पीड़िता मतिया देवी, पत्नी योगी निषाद, ने आवेदन में बताया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे वह किराये के ट्रैक्टर से खेत की जुताई कराने के बाद धान की रोपनी के लिए पहुंची थीं.
इसी दौरान गांव के लक्ष्मी बीन, ललन बीन, संतोष बीन, पप्पू बीन, पिंटू बीन, बागड़ बीन सहित अन्य लोग वहां पहुंचे और खेत जोतने से रोक दिया.
कुदाल से हमला करने का आरोप
आवेदन के अनुसार, विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी.
पीड़िता का आरोप है कि ललन बीन ने कुदाल से हमला किया, जिससे उनके बाएं हाथ की अंगुली गंभीर रूप से कट गई.
बचाने पहुंचे बेटे और अन्य लोगों से भी मारपीट
शोर सुनकर बचाने पहुंचे उनके पुत्र शंकर कुमार उर्फ रामा शंकर पर भी हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है.
आवेदन के मुताबिक, संतोष बीन ने कुदाल से उनके सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. इसके बाद अन्य लोगों ने लाठी-डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी.
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने पहुंचे विजय कुमार और आरती देवी के साथ भी मारपीट की गई.
मंगलसूत्र छीनने का भी आरोप
पीड़िता ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान अनिता देवी ने उनके गले से करीब 40 हजार रुपये मूल्य का मंगलसूत्र छीन लिया.
उन्होंने आरोपितों को आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है.
पुलिस ने शुरू की जांच
वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता का आवेदन प्राप्त हो गया है.
उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










