मगरमच्छ ने छीनी किसान की जान, चार दिन बाद नदी से मिला शव, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

Updated:
विज्ञापन

पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर निराश बैठे पीड़ित परिजन

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बेलहवा मदनपुर पंचायत में मगरमच्छ के हमले का शिकार हुए किसान केदार बैठा का शव चार दिन बाद भपसा नदी से बरामद हुआ है. इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और सुरक्षा की मांग उठ रही है.

विज्ञापन

Bagaha News: बगहा अनुमंडल के नौरंगिया थाना क्षेत्र स्थित बेलहवा मदनपुर पंचायत में मगरमच्छ के हमले का शिकार हुए किसान केदार बैठा का शव घटना के चार दिन बाद बुधवार को भपसा नदी से बरामद किया गया. शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर गुलहरिया के समीप नदी में उतराता मिला. मगरमच्छ शव का दाहिना पैर खा चुका था. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया.

विज्ञापन

मगरमच्छ ने नदी पार करते समय किया था हमला

जानकारी के अनुसार भुल टोला सिरिसिया निवासी किसान केदार बैठा रविवार की शाम गुलहरिया सरेह स्थित अपने खेत से काम कर घर लौट रहे थे. भपसा नदी पार करने के दौरान अचानक मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया. किसान के शोर मचाने पर आसपास के लोग लाठी-डंडा लेकर पहुंचे, लेकिन मगरमच्छ उन्हें गहरे पानी में खींचकर ले गया.

तीन दिन तक चलता रहा सर्च ऑपरेशन

घटना के बाद एसडीआरएफ की टीम, नौरंगिया थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण लगातार तीन दिनों तक नदी में किसान की तलाश करते रहे. बुधवार सुबह ग्रामीणों ने फिर खोजबीन शुरू की, तभी गुलहरिया के पास नदी में शव उतराता दिखाई दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था की मांग

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि भपसा नदी में मगरमच्छों की संख्या लगातार बढ़ रही है. ऐसे में नदी पार कर खेतों तक पहुंचने वाले किसानों और ग्रामीणों की जान हमेशा जोखिम में रहती है. लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से मगरमच्छों की निगरानी बढ़ाने तथा नदी किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है.

पुल निर्माण की उठी मांग

मृतक के बेटे राजेश कुमार ने सरकार से उचित मुआवजा देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि जिस रास्ते से उनके पिता खेतों में जाते थे, उसी रास्ते से प्रतिदिन हजारों ग्रामीण और किसान गुजरते हैं. उन्होंने भपसा नदी पर पुल निर्माण कराने की मांग करते हुए कहा कि पुल बनने से लोगों को नदी पार करने की मजबूरी नहीं होगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सकेगी.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन