बेतिया में उमड़ी आस्था, भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

शहर भ्रमण के दौरान रथ यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
बेतिया में संतघाट शिव मंदिर से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की भव्य रथयात्रा का आयोजन किया गया. हजारों श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ यात्रा का स्वागत किया और सुख-समृद्धि की कामना की.
Jagannath Rath Yatra Bettiah: संतघाट शिव मंदिर से प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की भव्य पारंपरिक रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई. रथयात्रा के दौरान शहरभर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और जगह-जगह भगवान के रथ का स्वागत किया गया.
पूरे शहर में हुआ भव्य स्वागत
रथयात्रा जैसे-जैसे विभिन्न मार्गों से गुजरी, श्रद्धालु जगह-जगह रथ को रोककर पूजा-अर्चना, माथा टेकने और भगवान जगन्नाथ से सुख-समृद्धि तथा परिवार की खुशहाली की कामना करते नजर आए.
पूरे मार्ग में 'जय जगन्नाथ' के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा.
इन मार्गों से निकली रथयात्रा
रथयात्रा संतघाट शिव मंदिर से शुरू होकर इंदिरा चौक, इलमराम चौक, द्वारदेवी चौक, कालीधाम, राजगुरू चौक और लाल बाजार होते हुए घसियार पट्टी के रास्ते पुनः संतघाट शिव मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई.
रथ पर विराजमान रहे भगवान
रथ पर संतघाट मंदिर के मुख्य पुजारी संजय शुक्ला भगवान की सेवा में उपस्थित रहे. उनके साथ मुन्ना तिवारी सहित हरशु कुमार शुक्ला, विशाल और अन्य सहयोगी भी यात्रा में शामिल रहे.
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
रथयात्रा में विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री रमण गुप्ता, विभाग मंत्री नीरज कुमार, सनातन धर्म के प्रचारक दिनेश सिंघानिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु शामिल हुए.
डेढ़ दशक से निभाई जा रही परंपरा
मुख्य पुजारी संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि भगवान जगन्नाथ की यह रथयात्रा करीब डेढ़ दशक से अधिक समय से पारंपरिक रूप से निकाली जा रही है. हर वर्ष यह रथ शहर का भ्रमण करता है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल होकर भगवान के दर्शन करते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










