जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, पांच लोग घायल, तीन की हालत गंभीर

ईलाज कराते घायल लोग
बेतिया के लौरिया में शनिवार सुबह भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इस मारपीट में दोनों पक्षों के कुल पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है.
Bettiah News: लौरिया थाना क्षेत्र के मलाही टोला गांव में शनिवार सुबह भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक मारपीट हो गई. घटना में पांच लोग घायल हो गए. सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लौरिया पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया.
Lauriya News: जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट
जानकारी के अनुसार भूमि विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई. घटना में एक पक्ष के वार्ड संख्या-7 निवासी भोला चौधरी के 17 वर्षीय पुत्र प्रतिश कुमार, विरझन चौधरी के 50 वर्षीय पुत्र मनोज चौधरी और 40 वर्षीय पुत्र दिनेश चौधरी घायल हुए.
वहीं दूसरे पक्ष से मलाही गांव निवासी 50 वर्षीय लाल बाबू चौधरी और उनके 24 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार घायल हुए हैं.
तीन घायलों की हालत गंभीर
सीएचसी लौरिया में चिकित्सक डॉ. रामु कुमार ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया. जांच के दौरान मनोज चौधरी, दिनेश चौधरी और लाल बाबू चौधरी की हालत गंभीर पाई गई. इसके बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया. प्रतिश कुमार और अरुण कुमार का इलाज सीएचसी में ही किया गया.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद लौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को लेकर मारपीट की बात सामने आई है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आवेदन मिलने के बाद आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










