पर्यवेक्षण गृह में बच्चों के बीच मना स्वतंत्रता दिवस, जिला जज ने किया ध्वजारोहण
पौधरोपण करते प्रधान जिला जज | Prabhat Khabar Network
बेतिया के पर्यवेक्षण गृह में स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया. मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिव गोपाल मिश्रा ने ध्वजारोहण किया और बच्चों को बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित किया. इस अवसर पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया.
Bettiah News: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को बेतिया स्थित पर्यवेक्षण गृह में राष्ट्रीय पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिव गोपाल मिश्रा ने ध्वजारोहण किया. इसके बाद न्यायिक पदाधिकारियों, कर्मियों और पर्यवेक्षण गृह में रह रहे बच्चों ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी और देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की.
ध्वजारोहण के बाद किया पौधरोपण
ध्वजारोहण के बाद पर्यवेक्षण गृह परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारियों ने फलदार और छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
बच्चों से संवाद कर बढ़ाया हौसला
कार्यक्रम के दौरान जिला जज शिव गोपाल मिश्रा ने पर्यवेक्षण गृह में रह रहे बच्चों से संवाद किया और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित किया. उन्होंने बच्चों से कहा कि बीती बातों को पीछे छोड़कर सही रास्ते पर आगे बढ़ना ही उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत है.
उन्होंने बच्चों की ओर से तैयार की गयी पेंटिंग और कलाकृतियों को देखा तथा उनकी प्रतिभा की सराहना की. जिला जज ने बच्चों को मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया.
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चे सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को जिला जज ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया. पुरस्कार मिलने से बच्चों का उत्साह बढ़ा. कार्यक्रम के अंत में बच्चों के बीच मिठाई का वितरण किया गया.
न्यायिक पदाधिकारी और कर्मी रहे मौजूद
समारोह में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश मुंशी लाल गौतम, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय मिलन कुमार, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश असिताभ कुमार, योगेश कुमार गोयल, नलिन कुमार पांडेय, प्रधान न्यायाधीश सह प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय परिषद शशांक शेखर सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी मौजूद रहे.
पर्यवेक्षण गृह के प्रभारी अधीक्षक शंभू प्रसाद, गृह पिता प्रमोद सिंह लोधी, संगीत शिक्षक प्रभात कुमार झा, प्रशांत शर्मा, प्रेम सागर कुमार, विवेक कुमार, परामर्शी मिथिलेश कुमार, गृह माता साजिदा गुफराना सहित अन्य कर्मी और बच्चे भी कार्यक्रम में शामिल हुए.
यह भी पढ़ें
Bettiah News: स्वतंत्रता दिवस पर 970 भूमिहीन परिवारों को मिला जमीन का अधिकार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अवध किशोर तिवारी
अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









