गंडक का जलस्तर बढ़ा,नौतन के दियारा में बाढ़ का खतरा, डूबने लगी धान की फसल

Updated:
विज्ञापन

दियारा क्षेत्र नदी के पानी में डूबे धान फसल

पश्चिम चंपारण के नौतन प्रखंड में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर से निचले इलाकों में पानी फैलने लगा है और धान की फसलें डूब रही हैं. ग्रामीण सुरक्षित स्थानों पर जाने की तैयारी कर रहे हैं.

विज्ञापन

West Champaran News: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और गंडक बराज से पानी छोड़े जाने के कारण नौतन प्रखंड के दियारा क्षेत्र में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. गंडक नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से निचले इलाकों में पानी तेजी से फैल रहा है. इससे दियारा क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों में भय का माहौल है, जबकि कई जगहों पर धान की फसल भी पानी में डूबने लगी है.

Nautan News: गंडक नदी का पानी तेजी से फैलने लगा

लगातार बारिश के कारण गंडक नदी के जलस्तर में आए दिन बढ़ोतरी हो रही है. गंडक बराज से पानी छोड़े जाने के बाद दियारा क्षेत्र के निचले इलाकों में नदी का पानी तेजी से फैल रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो बाढ़ की स्थिति गंभीर हो सकती है.

धान की फसल डूबने से किसानों में मायूसी

नदी का पानी बढ़ने से क्षेत्र में लगी धान की फसल डूबने लगी है. इससे किसानों के चेहरे पर मायूसी छा गई है. ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ की स्थिति बनने पर फसल को भारी नुकसान हो सकता है और उनकी मेहनत पर पानी फिरने की आशंका है.

ऊंचे स्थानों पर जाने की तैयारी में ग्रामीण

बाढ़ की आशंका को देखते हुए दियारा क्षेत्र के लोग सुरक्षित स्थानों पर जाने की तैयारी में जुट गए हैं. कई ग्रामीण चंपारण तटबंध की ओर जाने की तैयारी कर रहे हैं. हालांकि फिलहाल नदी का पानी मुख्य रूप से निचले इलाकों में ही बढ़ रहा है.

मुखिया ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

पंचायत के मुखिया लालबाबू उर्फ सेम्पू मिश्रा ने चंपारण तटबंध के आसपास रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि गंडक नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, इसलिए लोग बाढ़ से बचाव के लिए पहले से तैयार रहें और बच्चों को नदी एवं पानी वाले क्षेत्रों की ओर जाने से रोकें.

धान की फसल के निरीक्षण के लिए प्रशासन का इंतजार

ग्रामीणों का कहना है कि अब तक डूब रही धान की फसल का जायजा लेने के लिए जिला प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है. किसानों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कराने और आवश्यक राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.

यह भी पढ़ें: नरकटियागंज चीनी मिल में कृषक समस्या समाधान कैंप, 85 किसानों ने कृषि यंत्र के लिए किया आवेदन


विज्ञापन
राजकुमार पासवान

लेखक के बारे में

By राजकुमार पासवान

राजकुमार पासवान वर्ष 2001 से पश्चिम चंपारण के नौतन प्रखंड में सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. इन्होंने दस्यु सरगनाओं के आतंक, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर अपनी अलग पहचान बनाई. वर्तमान में वे प्रभात खबर से संवाददाता के रूप में जुड़े हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन