एमजेके कॉलेज में नशा मुक्त भारत अभियान, छात्रों ने लिया स्वस्थ और जिम्मेदार जीवन का संकल्प

नशामुक्त भारत के अभियान में शामिल विद्यार्थियों के साथ प्राध्यापकगण
एमजेके कॉलेज, बेट्टियाह में 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत एक युवा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में छात्रों को नशे के गंभीर दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया और एक जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया.
Bettiah News: केंद्र सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान के तहत रविवार को शहर के एमजेके कॉलेज में युवा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया और स्वस्थ, सुरक्षित एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन का प्रसारण भी किया गया.
MJK College Bettiah: प्रधानमंत्री के संबोधन को छात्रों ने सुना
महाविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना. प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और विकसित भारत के निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया.
प्राचार्य ने छात्रों को अनुशासन और सकारात्मक सोच का दिया संदेश
लाइव प्रसारण के बाद प्राचार्य प्रो. (डॉ.) नवल किशोर बैठा ने विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और कॉलेज कर्मियों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार, भविष्य और सामाजिक प्रतिष्ठा को भी प्रभावित करता है.
उन्होंने छात्रों से जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच और अच्छे संस्कार अपनाने की अपील करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया.
युवाओं को बताया देश की सबसे बड़ी शक्ति
एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. इंदु शुक्ला ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं. युवाओं का दायित्व है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें.
उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक स्थिति और सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर रूप से प्रभावित करता है. इसलिए युवाओं को नशा मुक्त जीवन अपनाकर समाज के लिए उदाहरण बनना चाहिए.
विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने ली नशा मुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई. सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे.
प्रतिभागियों ने समाज में जागरूकता फैलाकर नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी दोहराया.
धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम का समापन एनएसएस नोडल अधिकारी सुश्री इंदु शुक्ला के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ. उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
यह भी पढ़ें: मैनाटांड़ पुलिस अंचल की अपराध समीक्षा बैठक, शराब तस्करों पर कार्रवाई तेज करने का निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रवि 'रंक'
90 के दशक में विद्यार्थी जीवन से ही रवि 'रंक' के आलेख, निबंध, संस्मरण और कविताएं क्षेत्रीय पत्र पत्रिकाओं के लिए लिखते रहे हैं. हिंदी विषय में स्नातकोत्तर योग्यताधारी रवि 'रंक' ने दैनिक हिंदुस्तान के पटना से प्रकाशित उत्तर बिहार संस्करण के साथ जनवरी 2001 से अपनी पत्रकारिता शुरु की. फरवरी 2020 में हिंदुस्तान से अलग होकर प्रभात खबर के पश्चिम चंपारण संस्करण में बतौर जिला मुख्यालय संवाददाता के रूप में पदस्थापित हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










