बेतिया: पैर पकड़ पानी में खींचने लगा मगरमच्छ, तो युवक ने पेड़ की डाल पकड़ बचाई जान

Updated:
विज्ञापन

घायल युवक अस्पताल में इलाजरत और मगरमच्छ की प्रतीकात्मक तस्वीर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पश्चिम चंपारण के गौनाहा में खेत घूमने गए एक युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया. मगरमच्छ उसे पानी में खींचने लगा, लेकिन युवक ने पेड़ की डाल पकड़कर शोर मचाया और राहगीरों की मदद से उसकी जान बच गई. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

बेतिया के गौनाहा से ब्रजमोहन यादव की रिपोर्ट

विज्ञापन

Bettiah News: गौनाहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह खेत घूमने गए एक युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया. मगरमच्छ ने पहले युवक का हाथ और फिर पैर पकड़कर उसे पानी में खींचने की कोशिश की. हालांकि युवक ने साहस दिखाते हुए पास के पेड़ की डाल पकड़ ली और शोर मचाया, जिससे उसकी जान बच गई.

घायल युवक की पहचान बैरिया माधोपुर गांव निवासी नंदलाल पंडित के 25 वर्षीय पुत्र जीतन पंडित के रूप में हुई है. उसका इलाज रेफरल अस्पताल गौनाहा में चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है.

डोभ के किनारे हुआ हमला

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब छह बजे जीतन पंडित त्रिवेणी कैनाल नहर के समीप अपने खेत की ओर गया था. इसी दौरान वह मेघौली चौक से लगभग एक किलोमीटर पश्चिम स्थित प्रसिद्ध अहिरिनिया डोभ के किनारे पहुंच गया. स्थानीय लोगों के अनुसार इस डोभ में लंबे समय से मगरमच्छों का बसेरा है, जिसके कारण लोग इसके आसपास जाने से बचते हैं.

पहले हाथ, फिर पैर पकड़ा

घायल युवक ने बताया कि जैसे ही वह पानी के करीब पहुंचा, पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उसके बाएं हाथ को पकड़ लिया. काफी मशक्कत के बाद उसने हाथ छुड़ा लिया, लेकिन तभी मगरमच्छ ने उसका बायां पैर पकड़कर पानी में खींचना शुरू कर दिया.

जान बचाने के लिए उसने पास में मौजूद शीशम के पेड़ की डाल मजबूती से पकड़ ली और जोर-जोर से चिल्लाने लगा.

राहगीरों की मदद से बची जान

नहर मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने उसकी आवाज सुन ली और मौके पर पहुंचकर मदद की. लोगों की मौजूदगी और शोरगुल के कारण मगरमच्छ ने युवक को छोड़ दिया, जिससे उसकी जान बच सकी. घटना के बाद परिजन उसे तत्काल रेफरल अस्पताल गौनाहा ले गए, जहां उसका उपचार जारी है.

पहले भी चर्चा में रहा है यह डोभ

स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब दो माह पहले इसी अहिरिनिया डोभ में पानी पीने पहुंचे एक बाघ पर भी मगरमच्छ ने हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया था. इस घटना के बाद से क्षेत्र में डोभ और मगरमच्छों को लेकर लोगों में भय बना हुआ है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन