ब्लॉक चौराहा से हरिवाटिका चौक तक सड़क होगी चौड़ी, जाम से मिलेगी बड़ी राहत

Author Awadh kishore|Edited by Sarfaraz Ahmad
Updated:
विज्ञापन

ब्लाक चौराहा से हरिवाटिका चौक जाने वाली सड़क

बेटीया शहर में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक जाम से जल्द मिलेगी निजात. ब्लॉक चौराहा से हरिवाटिका चौक तक सड़क के चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है. इस परियोजना से शहरवासियों को यातायात में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

विज्ञापन

Bettiah News: बेतिया शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए ब्लॉक चौराहा से हरिवाटिका शिव मंदिर होते हुए हरिवाटिका चौक तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण की तैयारी शुरू हो गई है. इस परियोजना की जिम्मेदारी पथ निर्माण विभाग को मिलने की संभावना है. जिला प्रशासन ने इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया तेज कर दी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

पथ निर्माण मंत्री के साथ हुई चर्चा

जिलाधिकारी तरणजोत सिंह ने बताया कि हाल ही में बेतिया दौरे पर आए बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री के साथ हुई बैठक में इस सड़क के चौड़ीकरण पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल भी मौजूद थे.

उन्होंने बताया कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए इस सड़क को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने पर सहमति बनी है.

फोरलेन से जुड़ेगी नई कनेक्टिविटी

डीएम ने बताया कि बस स्टैंड के पूर्वी गेट से हजारी होते हुए आईटीआई चौक तक फोरलेन से जोड़ने वाली सड़क का निर्माण अंतिम चरण में है. इसके पूरा होने के बाद ब्लॉक चौराहा से हरिवाटिका चौक तक सड़क का चौड़ीकरण कराया जाएगा.

इससे शहर के भीतर एक वैकल्पिक यातायात मार्ग विकसित होगा और जाम की समस्या में काफी कमी आने की उम्मीद है.

रोजाना हजारों लोगों को होगा लाभ

यह सड़क प्रखंड कार्यालय, हरिवाटिका शिव मंदिर, बाजार और कई आवासीय इलाकों को जोड़ती है. वर्तमान में सड़क संकरी होने के कारण यहां दिनभर वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है.

चौड़ीकरण के बाद यातायात सुगम होगा, यात्रा का समय कम होगा और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी घटेगी.

कार्यपालक अभियंता को दिए गए निर्देश

जिलाधिकारी ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. विभागीय औपचारिकताएं पूरी होने के बाद परियोजना की स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.

शहरवासियों को उम्मीद है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद बेतिया की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा और शहर के व्यस्त मार्गों पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन