आधार कार्ड की त्रुटियों पर विधायक संजय पांडेय ने विधानसभा में उठाई आवाज, ऑन-द-स्पॉट सुधार की मांग

Updated:
विज्ञापन
विधान सभा मे विधायक संजय पांडेय | Prabhat Khabar Network

विधानसभा मे विधायक संजय पांडेय

नरकटियागंज विधायक संजय पांडेय ने बिहार विधानसभा में आधार कार्ड की त्रुटियों से लाखों लोगों के हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाया. उन्होंने सरकारी शिविरों में ऑन-द-स्पॉट सुधार की मांग की है ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके.

विज्ञापन

West Champaran News: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान नरकटियागंज विधायक संजय पांडेय ने निजी संकल्प (प्राइवेट मेंबर रेजोल्यूशन) के माध्यम से आधार कार्ड में त्रुटियों से जूझ रहे लाखों लोगों की समस्या को सदन में प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि आधार कार्ड में नाम, जन्मतिथि, पता, मोबाइल नंबर, बायोमेट्रिक और अन्य तकनीकी त्रुटियों के कारण छात्र, युवा, किसान, मजदूर और आम नागरिक शिक्षा, छात्रवृत्ति तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित हो रहे हैं.

Narkatiaganj News: सरकारी शिविरों में ऑन-द-स्पॉट सुधार की मांग

विधायक संजय पांडेय ने राज्य सरकार से मांग की कि राज्यभर में आयोजित सरकारी सहायता शिविरों में आधार कार्ड से जुड़ी तकनीकी और दस्तावेज संबंधी त्रुटियों का मौके पर ही सुधार सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि छोटी-सी गलती के कारण किसी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं और शैक्षणिक सुविधाओं से वंचित नहीं होना चाहिए.

लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं

सदन में विधायक ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में आधार कार्ड की त्रुटियां ठीक कराने के लिए लोगों को कई कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं. इससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है. यदि सरकारी शिविरों में ही सुधार की सुविधा उपलब्ध हो जाए तो आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा.

जनहित में व्यवस्था लागू करने की मांग

विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से पहुंचे. उन्होंने सरकार से इस दिशा में ठोस पहल करने की मांग करते हुए कहा कि जनहित में यह व्यवस्था लागू होना समय की आवश्यकता है.

विधायक की पहल की लोगों ने की सराहना

विधायक संजय पांडेय की इस पहल का भाजपा कार्यकर्ताओं और नरकटियागंज विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने स्वागत किया. भाजपा नेता राजेश जायसवाल, वार्ड पार्षद रत्नेश सर्राफ, गुड्डू पांडेय, प्रमुख प्रतिनिधि चंदन साह, मुखिया राहुल जायसवाल तथा निजी और सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं संचालकों ने उनकी पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित का महत्वपूर्ण मुद्दा बताया.

यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर बंद 2026 LIVE अपडेट: बंदी को लेकर प्रशासन अलर्ट, चौक-चौराहों पर भारी पुलिसबल तैनात


विज्ञापन
सतीश कुमार पांडेय

लेखक के बारे में

By सतीश कुमार पांडेय

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन