West Champaran News: गन्ने के खेत में छिपा था भालू, ग्रामीण पर अचानक किया हमला, शोर सुनकर भागा
भालू के हमले में घायल व्यक्ति
पश्चिम चंपारण के हरनाटांड़ वन क्षेत्र में गन्ने के खेत में छिपे भालू ने एक ग्रामीण पर अचानक हमला कर दिया, जिससे उसका बायां हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया. ग्रामीणों की सूझबूझ से उसकी जान बच सकी.
West Champaran News: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के सीमावर्ती क्षेत्र में वन्यजीवों की चहलकदमी बढ़ने के बीच बुधवार सुबह हरनाटांड़ वन क्षेत्र से सटे बरवा कला गांव के सरेह में भालू ने एक ग्रामीण पर अचानक हमला कर दिया. गन्ने के खेत में छिपे भालू के हमले में ग्रामीण गोपाल महतो का बायां हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया. ग्रामीणों के शोर मचाने और मौके पर पहुंचने के बाद भालू जंगल की ओर भाग गया.
गन्ने के खेत में छिपे भालू ने किया हमला
घायल की पहचान लौकरिया थाना क्षेत्र के देवरिया-तरुअनवा पंचायत के बरवा कला गांव निवासी 43 वर्षीय गोपाल महतो के रूप में हुई है. बताया गया कि गोपाल महतो बुधवार अहले सुबह खेत की ओर घूमते हुए शौच के लिए सरेह जा रहे थे. इसी दौरान गन्ने के खेत में छिपे भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया.
शोर सुनकर लाठी-डंडे लेकर पहुंचे ग्रामीण
भालू के हमले से घबराए गोपाल महतो ने शोर मचाना शुरू कर दिया. आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे. लोगों को अपनी ओर आता देख भालू गोपाल को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया. हालांकि तब तक उसके बाएं हाथ में गहरा जख्म हो चुका था.
पीएचसी हरनाटांड़ में कराया गया इलाज
घटना के बाद परिजन घायल गोपाल महतो को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरनाटांड़ लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सक डॉ. इरशाद आलम ने उनका उपचार किया. चिकित्सक के अनुसार भालू के हमले में बाएं हाथ में गंभीर चोट आई है, हालांकि उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है.
यह भी पढ़ें: गंडक का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण परेशान, नाव और राहत सामग्री बढ़ाने की मांग
जंगल और गांव के बीच बढ़ रहा मानव-वन्यजीव संघर्ष
गोपाल की पत्नी सुनीता देवी के अनुसार सुबह वह अपने पति के साथ सरेह की ओर जा रही थीं, तभी गन्ने के खेत में छिपे भालू ने अचानक हमला कर दिया. आसपास के ग्रामीणों के समय पर पहुंचने से उनकी जान बच सकी.
वीटीआर से सटे इलाकों में जंगल और गांव के बीच वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ने से मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं सामने आ रही हैं. गन्ने जैसी घनी फसलें वन्यजीवों के छिपने का स्थान बन रही हैं, जिससे खेतों में जाने वाले ग्रामीणों के लिए खतरा बढ़ गया है.
ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील
वन विभाग की ओर से सीमावर्ती गांवों में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. ग्रामीणों से जंगल और सरेह की ओर अकेले नहीं जाने, विशेषकर अहले सुबह और शाम के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा वन्यजीव दिखाई देने पर उसके करीब नहीं जाने की अपील की गई है.
भालू की गतिविधियों पर वन विभाग की नजर
हरनाटांड़ वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी शिव कुमार ने बताया कि भालू के हमले की सूचना मिलने के बाद वन कर्मियों की टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई गई है. भालू की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. घायल गोपाल महतो का उपचार चल रहा है और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: दो साल से बंद नल-जल योजना पर सवाल, कृषि ट्रांसफार्मर और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी मांग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










