10 फीट लंबे कोबरा को कंधे पर लेकर घूम रही थी महिला सर्प मित्र, सांप ने डंसा, हालत गंभीर

Updated:
विज्ञापन
बगहा: कोबरा रेस्क्यू में महिला घायल, जान पर खेल कर बचाई जान

पश्चिम चंपारण के बगहा में एक घर में 10 फीट लंबा कोबरा घुसने से अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय स्नेक रेस्क्यूअर जानकी देवी ने साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन इस दौरान वे कोबरा का शिकार बन गईं. उनका इलाज चल रहा है.

विज्ञापन

Bagaha News: पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के विशाहा गांव में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर में करीब 10 फीट लंबा जहरीला कोबरा घुस आया. विशालकाय सांप को देखकर परिवार के लोग घर छोड़कर बाहर निकल आए. बाद में स्थानीय स्नेक रेस्क्यूर जानकी देवी ने कोबरा का सफल रेस्क्यू किया, लेकिन इस दौरान सांप ने उन्हें डस लिया. फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

कोबरा को पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा सके लोग

जानकारी के अनुसार, विशाहा गांव निवासी मुन्नी लाल के घर के एक कमरे में अचानक विशाल कोबरा दिखाई दिया. सांप को देखते ही परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया. कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन जहरीले कोबरा को देखकर कोई भी उसे पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा सका.

रेस्क्यू के दौरान कोबरा ने किया हमला

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय स्नेक रेस्क्यूर जानकी देवी मौके पर पहुंचीं. उन्होंने पूरी सावधानी और अनुभव के साथ कोबरा को पकड़ने का अभियान शुरू किया. काफी देर की मशक्कत के बाद उन्होंने कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया, लेकिन रेस्क्यू के दौरान कोबरा ने उन्हें डस लिया. इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.

जंगल में छोड़ा गया जहरीला कोबरा

सफल रेस्क्यू के बाद कोबरा को आबादी से दूर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया. समय रहते सांप को पकड़ लिए जाने से किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई. ग्रामीणों ने जानकी देवी के साहस और सेवा भावना की सराहना करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

बरसात में बढ़ जाता है सांपों का खतरा

स्थानीय लोगों के अनुसार, बरसात के मौसम में नेपाल से आने वाली पहाड़ी नदियों का जलस्तर बढ़ने पर वाल्मीकिनगर और आसपास के क्षेत्रों में सांप, अजगर समेत कई वन्यजीव रिहायशी इलाकों में पहुंच जाते हैं. ऐसे समय लोगों को विशेष सतर्क रहने की जरूरत होती है.

वन विभाग की अपील

वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें. तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके.

यह भी पढे़ं: मसान नदी किनारे बाघ ने बछड़े का किया शिकार, गांवों में दहशत


विज्ञापन
Israel Ansari

लेखक के बारे में

By Israel Ansari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन