पश्चिम चंपारण में पुलिस का बड़ा अभियान, 7 वारंटी समेत 20 आरोपी गिरफ्तार

प्रतीकात्मक AI तस्वीर
पश्चिम चंपारण पुलिस ने अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ 24 घंटे में बड़ी कार्रवाई की है. इस दौरान 7 वारंटी समेत 20 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं. पुलिस ने भारी मात्रा में शराब, गांजा, नकदी और तीन वाहन भी जब्त किए हैं.
Bettiah News: पश्चिम चंपारण पुलिस ने अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ बीते 24 घंटे में जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है. इस दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर सात वारंटी समेत कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने अभियान के दौरान भारी मात्रा में शराब, गांजा, नकदी और तीन वाहनों को भी जब्त किया है. वहीं, वाहन जांच अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से 1.33 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया.
सात वारंटी समेत 20 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस इंस्पेक्टर विश्व मोहन चौधरी ने बताया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मंगलवार को संयुक्त अभियान चलाया गया. इस दौरान अलग-अलग मामलों में कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें सात वारंटी शामिल हैं. गिरफ्तार आरोपियों में चार लोगों पर उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
444 लीटर शराब और 835 ग्राम गांजा जब्त
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 444 लीटर 340 मिलीलीटर शराब और 835 ग्राम गांजा बरामद किया. इसके अलावा एक गैस सिलेंडर, 100 रुपये के नेपाली नोट, 200 रुपये भारतीय मुद्रा तथा तीन वाहनों को भी जब्त किया गया. बरामद सामान के संबंध में संबंधित थानों में कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
वाहन जांच में 1.33 लाख रुपये का जुर्माना
अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर जिलेभर में वाहन जांच अभियान भी चलाया गया. इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने और अधूरे दस्तावेजों के साथ वाहन चलाने वालों से कुल 1 लाख 33 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
पुलिस इंस्पेक्टर विश्व मोहन चौधरी ने कहा कि जिले में अपराधियों, वारंटियों, अवैध शराब कारोबारियों और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी नियमित कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










