बेगूसराय: तेघड़ा में देर रात फायरिंग के दौरान 16 साल के छात्र को लगी गोली, मौत के बाद सड़क पर उतरे लोग

Updated:
विज्ञापन

सड़क जाम करते लोग और पीड़ित परिजन | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बेगूसराय के तेघड़ा में दो आपराधिक गुटों की भिड़ंत के बीच आए 16 वर्षीय किशोर मो. समीर की गोली लगने से मौत हो गई. युवक कृष्णाष्टमी का मेला देखकर घर लौट रहा था.

विज्ञापन

Begusarai Crime News: जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात करीब दो बजे एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. कृष्णाष्टमी का मेला देखकर अपनी बहन के साथ घर लौट रहे 16 वर्षीय किशोर की गोली लगने से मौत हो गई. मृतक की पहचान तेघड़ा नगर परिषद के वार्ड संख्या 13 निवासी मो. आशिक के 16 वर्षीय पुत्र मो. समीर के रूप में हुई है, जो दसवीं कक्षा का छात्र था. घटना के बाद से पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है.

विज्ञापन

दो गुटों के खूनी टकराव के बीच फंसा निर्दोष

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात साहू भवन और मस्जिद के समीप दो आपराधिक गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर हिंसक झड़प हो रही थी. दोनों पक्षों के लोग कथित तौर पर आपराधिक वारदातों और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े बताए जाते हैं. विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से अवैध हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई. इसी दौरान मेला देखकर घर लौट रहा समीर सड़क किनारे रुककर विवाद देखने लगा. तभी चली एक गोली सीधे समीर को लग गई, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. वारदात के बाद दोनों गुटों के आरोपी मौके से फरार हो गए.

मृतक का फाइल फोटो, सड़क जाम करते लोग और पीड़ित परिजन  | Prabhat Khabar Network
एंबुलेंस से उतारते हुए परिजन और अस्पताल कर्मी | Prabhat Khabar Network

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. खून से लथपथ समीर को आनन-फानन में तेघड़ा अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर तेघड़ा थाने की पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा. पुलिस की एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर खोखे और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं.

मृतक का फाइल फोटो, सड़क जाम करते लोग और पीड़ित परिजन  | Prabhat Khabar Network
मृतक का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network

मस्जिद चौक पर शव रखकर दो घंटे तक सड़क जाम

बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव तेघड़ा पहुंचा, परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने बाजार स्थित मस्जिद चौक के पास शव को सड़क पर रखकर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया और आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे. करीब दो घंटे तक चले इस विरोध-प्रदर्शन से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. हालात की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनीष, एसडीओ नीरज कुमार सिन्हा और डीएसपी कृष्ण कुमार मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने शोकाकुल परिजनों से वार्ता कर न्याय का भरोसा दिलाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया.

मृतक का फाइल फोटो, सड़क जाम करते लोग और पीड़ित परिजन  | Prabhat Khabar Network
सड़क जाम करते आक्रोशित लोग | Prabhat Khabar Network

भाई की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज, छापेमारी जारी

घटना के संबंध में मृतक के भाई मो. मुमताज ने तेघड़ा थाने में एक नामजद और अन्य अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है. ग्रामीणों में अपराधियों का इतना खौफ है कि लोग खुलकर किसी का नाम लेने से कतरा रहे हैं. मामले की जानकारी देते हुए तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार ने कहा कि "परिजनों से प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस घटना के सभी तकनीकी व आपराधिक पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है. घटना में शामिल आरोपियों को बहुत जल्द गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा."

Also Read: Begusarai Floods: घर में घुसा बाढ़ का पानी, नाव से पहुंचकर आंगनबाड़ी सेविका ने बाढ़ पीड़ितों के बीच बांटा भोजन

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन