बेगूसराय: संयुक्त किसान मोर्चा का ऐलान, भारत-अमेरिका एफटीए के खिलाफ 22 जुलाई को करेंगे प्रदर्शन

संयुक्त किसान मोर्चा ने भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर गंभीर चिंता जताई है. इस समझौते से देश के करोड़ों किसानों और छोटे उद्योगों की आजीविका खतरे में पड़ने का आरोप लगाया गया है. इसके विरोध में 22 जुलाई को राष्ट्रव्यापी पुतला दहन का ऐलान किया गया है.
Begusarai News: संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) बेगूसराय जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक माले जिला कार्यालय 'कमलेश्वरी भवन' में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता बिहार राज्य किसान सभा (अजय भवन) के जिला सचिव दिनेश प्रसाद सिंह ने की. बैठक में किसान कौंसिल के जिला अध्यक्ष सुरेश यादव, सचिव दयानिधि चौधरी, किसान महासभा के जिला अध्यक्ष नवल किशोर सिंह, किसान सभा के मनोज कुमार यादव सहित कई प्रमुख किसान नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
कृषि, डेयरी और घरेलू उद्योगों पर असर का आरोप
बैठक में भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित/संभावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई. किसान नेताओं का कहना है कि इस समझौते से भारत के कृषि और डेयरी क्षेत्र पर अत्यंत प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, जिससे देश के करोड़ों किसानों की आजीविका संकट में पड़ जाएगी. इसके अलावा देश के दवा उद्योग और अन्य घरेलू छोटे उद्योगों को भी भारी नुकसान पहुंचेगा.
22 जुलाई को राष्ट्रव्यापी पुतला दहन का निर्णय
इन किसान विरोधी और जनविरोधी नीतियों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के केंद्रीय आह्वान पर 22 जुलाई को राष्ट्रव्यापी प्रतिरोध दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है. इसके तहत जिले भर में विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया जाएगा. किसान नेताओं ने जिले के सभी किसानों और आम नागरिकों से इस प्रतिरोध कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










