बेगूसराय के लोहियानगर थाने को शिफ्ट करने का विरोध, पूर्व पार्षद ने एसपी को दिया आवेदन
लोहियानगर थाना परिसर की तस्वीर.
बेगूसराय के लोहियानगर थाने को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने की योजना का पूर्व वार्ड पार्षद डॉ जितेंद्र राय ने कड़ा विरोध किया है. उन्होंने एसपी को आवेदन देकर थाने को वर्तमान स्थान पर ही बनाए रखने की मांग की है. डॉ राय ने थाना स्थानांतरण के पीछे की प्रशासनिक खामियों और जनता की सुविधा पर पड़ने वाले असर को उजागर किया है.
Begusarai Police Station : बेगूसराय नगर निगम के पूर्व वार्ड पार्षद डॉ जितेंद्र राय ने लोहियानगर थाने को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने का विरोध करते हुए एसपी मनीष को आवेदन दिया है. आवेदन में उन्होंने थाने को वर्तमान स्थान पर ही यथावत रखने की मांग की है. उन्होंने कहा कि लोहियानगर थाना क्षेत्र जिले के सबसे अधिक आबादी वाले इलाकों में शामिल है. डॉ राय ने बताया कि लोहियानगर थाना को लालपुर में स्थानांतरित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है. उनके अनुसार प्रस्तावित स्थान लोहियानगर थाना क्षेत्र के बजाय मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है. ऐसे में थाना को दूसरे थाना क्षेत्र में ले जाने से प्रशासनिक एवं व्यावहारिक स्तर पर कई समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं.
आपके शहर में
गोलीबारी की घटना के बाद खुला था थाना
पूर्व पार्षद ने आवेदन में अपने ऊपर हुई गोलीबारी की घटना का भी उल्लेख किया है.उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और अपराध नियंत्रण की आवश्यकता को देखते हुए लोहियानगर में थाना स्थापित करने की पहल की गई थी.वर्ष 2010 में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक द्वारा मुफ्फसिल थाना परिसर में लोहियानगर थाना का उद्घाटन किया गया था.उन्होंने कहा कि थाना स्थापित होने के बाद क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर पुलिस की सुविधा मिली और अपराध नियंत्रण में भी मदद मिली.ऐसे में अब थाना को यहां से हटाने का निर्णय जनहित की दृष्टि से उचित नहीं होगा.
परिसीमन को लेकर भी उठाये सवाल
डॉ जितेंद्र राय ने आरोप लगाया कि तकनीकी पहलुओं और थाना क्षेत्रों के परिसीमन का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया.उन्होंने कहा कि गलत प्रतिवेदन के आधार पर मुफ्फसिल थाना के परिसीमन में लोहियानगर थाना के लिए भूमि लिए जाने की प्रक्रिया की गई,जबकि उक्त भूमि विवादित बताई जा रही है.उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की तकनीकी एवं व्यावहारिक समीक्षा कराने की मांग की है. उनका कहना है कि थाना स्थानांतरण जैसे महत्वपूर्ण निर्णय में सिर्फ भवन या जमीन की उपलब्धता को आधार नहीं बनाया जाना चाहिए, बल्कि क्षेत्र की आबादी,अपराध की स्थिति,थाना क्षेत्र की भौगोलिक सीमा,लोगों की सुविधा और कानून-व्यवस्था जैसे पहलुओं को भी ध्यान में रखना जरूरी है.
थाना हटने से सुरक्षा-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका
पूर्व पार्षद ने कहा कि लोहियानगर की आबादी लगातार बढ़ रही है. बड़ी संख्या में लोग इस क्षेत्र में रहते हैं और आसपास के इलाकों से भी लोगों का आवागमन होता है.ऐसे में यहां पुलिस थाना की मौजूदगी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है.यदि थाना को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाता है तो स्थानीय लोगों को पुलिस सहायता के लिए अधिक दूरी तय करनी पड़ सकती है.उन्होंने आशंका जताई कि थाना हटने के बाद असामाजिक तत्वों और अपराधियों को इसका फायदा मिल सकता है.इससे क्षेत्र में चोरी, छिनतई, मारपीट, आपराधिक गतिविधियों समेत अन्य घटनाओं पर नियंत्रण की चुनौती बढ़ सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए