बेगूसराय में वारंटी को पकड़ने पहुंची पुलिस पर हमला, कई जवान चोटिल; जवाबी कार्रवाई में हमलावर धराए
पुलिस की क्षतिग्रस्त वाहन
चेरियाबरियारपुर में कुर्की वारंट तामील कराने पहुंची पुलिस पर आरोपी के परिजनों और सगे-संबंधियों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया. इस दौरान कई पुलिस पदाधिकारी और जवान घायल हो गए, लेकिन पुलिस ने सूझबूझ से हमलावरों को काबू कर लिया.
Begusarai Police Attack : बेगूसराय के चेरियाबरियारपुर में वारंटी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम को देखते ही सकरौली गांव में अचानक माहौल बिगड़ गया. आरोपी के परिजनों और सगे-संबंधियों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया. अचानक हुए हमले में कई पुलिस पदाधिकारी और जवान आंशिक रूप से चोटिल हो गए.
पुलिस वाहनों को भी क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया गया. हालांकि, जख्मी होने के बावजूद पुलिस जवानों ने मोर्चा संभाला और हमला कर रहे लोगों को मौके पर ही काबू में कर लिया.
कुर्की वारंट की जानकारी देने पहुंची थी पुलिस
मामला बसही पंचायत के सकरौली गांव का है. खोदाबंदपुर थाना कांड संख्या 89/19 के फरार आरोपी रोहित कुमार उर्फ बुच्चा, पिता लक्ष्मी महतो की गिरफ्तारी के लिए चेरिया बरियारपुर पुलिस की टीम गांव पहुंची थी. पुलिस के पास उसके खिलाफ न्यायालय से कुर्की वारंट जारी था.
विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, रोहित पर थाना कांड संख्या 01/2019 में लूट की घटना में शामिल होने का आरोप है. लूटे गए मोबाइल की बरामदगी के बाद उसे इस कांड में नामजद आरोपी बनाया गया था.
सरेंडर करने की बात पर भड़के परिजन
पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर आरोपी के परिजनों को कुर्की वारंट की जानकारी दी और न्यायालय में सरेंडर करने को कहा. इसी दौरान आरोपी के परिजन और सगे-संबंधी अचानक आक्रोशित हो गए. देखते ही देखते उन्होंने पुलिस टीम पर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया.
अचानक हुए हमले में पुलिस टीम कुछ समझ पाती, उससे पहले ही कई पुलिस पदाधिकारी और जवान आंशिक रूप से चोटिल हो गए. हमलावरों ने पुलिस वाहनों को भी क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया.
जख्मी होने के बाद भी पुलिस ने संभाला मोर्चा
हमले के बाद भी चेरिया बरियारपुर पुलिस ने हिम्मत नहीं हारी. जख्मी होने के बावजूद जवानों ने सूझबूझ से अपना बचाव किया और हमला कर रहे लोगों को बलपूर्वक काबू में कर लिया. पुलिस ने पकड़े गए हमलावरों को थाने लाकर कार्रवाई शुरू कर दी.
डीएसपी की मौजूदगी में पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मंझौल डीएसपी अमरकांत, थानाध्यक्ष ज्योति कुमार बासु सहित अन्य वरीय पदाधिकारी चेरिया बरियारपुर थाना पहुंचे और पूरी स्थिति का जायजा लिया. पकड़े गए हमलावरों से थाने में कड़ी पूछताछ की जा रही है.
पुलिस पर हमला करने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने कहा है कि पुलिस पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस पर हमला और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में अलग से सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. वहीं, फरार वारंटी रोहित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है. समाचार लिखे जाने तक थाने में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी थी.
बेगूसराय में प्रेमी की पिटाई से नाराज प्रेमिका पहुंची उसके घर, बोली- प्यार किया तो डरना क्या; 12 घंटे बाद मंदिर में रचाई शादी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए