बेगूसराय: साहेबपुरकमाल में टीबी मरीजों को मिला पोषण सहारा, स्वास्थ्य केंद्र ने वितरित किया पोषण किट

टीवी मरीज के बीच पोषण कीट का वितरण करते प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
Begusarai News: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहेबपुरकमाल में टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया. आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों की मदद के लिए स्वास्थ्यकर्मियों ने उन्हें गोद लेने की अनोखी पहल शुरू की है.
Begusarai News: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहेबपुरकमाल में रविवार को टीबी से ग्रसित मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया. इस दौरान गरीब और जरूरतमंद टीबी मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्यकर्मियों ने उन्हें गोद लेकर सहायता देने की पहल की.
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर कई टीबी मरीज सही पोषण वाला आहार नहीं ले पाते हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य सुधार में परेशानी आती है. इसी को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सभी कर्मियों ने मिलकर कम से कम एक-एक मरीज को गोद लिया है. वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने पांच मरीजों को गोद लेकर उनके बीच पोषण किट का वितरण किया.
उन्होंने बताया कि मरीजों को प्रत्येक महीने पोषण किट उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि इलाज के साथ-साथ उन्हें पर्याप्त पोषण भी मिल सके.
टीबी जांच को लेकर चल रहा अभियान
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि टीबी से बचाव के लिए सभी लोगों को समय-समय पर स्क्रीनिंग करानी चाहिए. संदिग्ध मरीजों का एक्सरे और टू-नॉट मशीन से जांच कराया जाता है. जांच में टीबी की पुष्टि होने पर मरीजों को नि:शुल्क दवा उपलब्ध कराई जाती है. वहीं अत्यंत गरीब मरीजों को पोषण किट भी दिया जाता है.
स्वास्थ्य उपकेंद्रों में हो रही मरीजों की स्क्रीनिंग
बीसीएम रतन कुमार ने बताया कि टीबी मुक्त अभियान के तहत 24 मार्च 2026 से 14 अगस्त 2026 तक प्रखंड क्षेत्र के सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
इस दौरान स्वास्थ्यकर्मी दलित, महादलित और अन्य टोले-मोहल्लों में पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रहे हैं. जांच से संबंधित जानकारी निश्चय पोर्टल पर अपलोड की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाती है.
मौके पर स्वास्थ्य प्रबंधक अनिता कुमारी, ऋषिका, समर राज, आईआईएच के कर्मी आर्यन राज सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










