बेगूसराय में अधूरे निर्माण के बीच स्कूल भवन का हैंडओवर, ग्रामीणों ने गुणवत्ता पर उठाए सवाल
भवन जिसका अधूरा पड़ा है काम
Begusarai News : बेगूसराय के खोदावंदपुर में अधूरा स्कूल भवन हैंडओवर करने से छात्रों को हो रही है भारी परेशानी. ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है.
Begusarai News : खोदावंदपुर प्रखंड के दौलतपुर पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, बेगमपुर में नवनिर्मित विद्यालय भवन को लेकर ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बने तीन मंजिला भवन का निर्माण कार्य पूरी तरह पूरा किए बिना ही इसे विद्यालय प्रशासन को हैंडओवर कर दिया गया. इससे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
बिजली, फिनिशिंग और पहुंच पथ का कार्य अधूरा
ग्रामीणों के अनुसार भवन में बिजली की वायरिंग अब तक पूरी नहीं हुई है. शौचालय के बाहर दर्पण नहीं लगाया गया है और कई स्थानों पर फिनिशिंग का कार्य अधूरा है. विद्यालय तक पहुंचने के लिए समुचित पहुंच पथ का निर्माण भी नहीं कराया गया है. इसके अलावा प्राक्कलन के अनुसार छह व्हाइट बोर्ड लगाए जाने थे, लेकिन एक भी व्हाइट बोर्ड नहीं लगाया गया. छात्र-छात्राओं ने बताया कि बाथरूम का दरवाजा भी सही तरीके से नहीं खुलता, जिससे उन्हें परेशानी होती है.
घटिया सामग्री के उपयोग का भी लगाया आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि भवन निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है. निर्माण स्थल पर प्राक्कलन संबंधी सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया और विद्यालय परिसर का समतलीकरण भी नहीं कराया गया. उनका कहना है कि निर्माण एजेंसी ने आधा-अधूरा कार्य पूरा दिखाकर करीब चार माह पहले ही भवन विद्यालय प्रशासन को सौंप दिया.
निरीक्षण नहीं होने से रह गईं कई कमियां
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान संबंधित विभाग के अधिकारियों ने भवन का समुचित निरीक्षण नहीं किया. यदि समय-समय पर गुणवत्ता की जांच होती तो निर्माण संबंधी कमियों को पहले ही दूर कराया जा सकता था.
Also Read : ऑपरेशन मुस्कान के तहत नेमदारगंज पुलिस ने लौटाई तीन लोगों की मुस्कान, गुम हुए मोबाइल किए सुपुर्द
प्रधानाध्यापक ने भी गिनाईं निर्माण संबंधी खामियां
विद्यालय के प्रधानाध्यापक शंभू नाथ विद्यार्थी ने बताया कि निर्माण एजेंसी ने पाइप फिटिंग के लिए खोदे गए गड्ढों को अब तक नहीं भरवाया है. विद्यालय भवन पर विद्यालय का नाम भी नहीं लिखा गया है. उन्होंने बताया कि भवन निर्माण के दौरान पंचायत की ओर से बच्चों के खेलकूद के लिए लगाए गए उपकरणों को हटाया गया था, जिन्हें आज तक दोबारा स्थापित नहीं किया गया है.
उच्च स्तरीय जांच और अधूरे कार्य पूरे कराने की मांग
विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से पूरे निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराने, गुणवत्ता की निष्पक्ष समीक्षा करने तथा सभी अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है. उनका कहना है कि जब तक निर्माण कार्य पूरी तरह मानकों के अनुरूप पूरा नहीं होगा, तब तक छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध नहीं हो सकेगा.
Also Read : नवादा में दूसरे दिन भी जारी रही नगर परिषद सफाईकर्मियों की हड़ताल, शहर की सफाई व्यवस्था ठप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए





