बेगूसराय : बलिया में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश, भगतपुर मुख्य सड़क पर 800 मीटर तक भरा पानी, आवागमन प्रभावित

भगतपुर की मुख्य सड़क पर जलजमाव
बलिया में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. नगर परिषद से लेकर ग्रामीण इलाकों तक गंभीर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है. भगतपुर की मुख्य सड़क पर 800 मीटर तक पानी भर गया है, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है.
Ballia Waterlogging : बेगूसराय के बलिया में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. नगर परिषद क्षेत्र से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है. कई सड़कें पानी में डूब गई हैं, जिससे लोगों और स्कूली बच्चों का आवागमन मुश्किल हो गया है.
नगर परिषद के कई वार्डों में आवागमन प्रभावित
लगातार हो रही बारिश के कारण नगर परिषद क्षेत्र के कई वार्डों में सड़कों पर पानी भर गया है. जलभराव के चलते लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से समस्या लगातार बढ़ती जा रही है.
भगतपुर की मुख्य सड़क पर 800 मीटर तक भरा पानी
प्रखंड क्षेत्र के भगतपुर गांव की मुख्य सड़क पर करीब 800 मीटर तक दो से तीन फीट पानी जमा हो गया है. सड़क तालाब जैसी नजर आ रही है. राहगीरों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी बारिश के पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है.
शिवनगर स्कूल परिसर में बाढ़ जैसे हालात
भवानंदपुर पंचायत के शिवनगर स्थित मध्य विद्यालय परिसर में जलजमाव के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है. विद्यालय परिसर और मुख्य सड़क पर पानी भर जाने से विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है.
शाहपुर और मनसेरपुर मार्ग पर भी बढ़ी मुश्किलें
शाहपुर गांव में पूर्व मुखिया विभाकर झा के घर के समीप करीब 50 मीटर सड़क पर दो फीट से अधिक पानी जमा है. वहीं मनसेरपुर गांव के रंगमंच से शिवाला तक सड़क पर जलजमाव होने से स्थानीय लोगों और इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है.
ग्रामीणों ने की जल निकासी और सड़क मरम्मत की मांग
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो लगातार बारिश से स्थिति और गंभीर हो सकती है.
Also Read : बेगूसराय : भारी बारिश के बाद साहेबपुरकमाल में जलजमाव, सड़कें बनीं तालाब, रातभर गुल रही बिजली
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










