बेगूसराय : गंगा में उफान से सात गांवों पर बाढ़ का खतरा, निचले इलाकों के घरों में घुसा पानी

Updated:
विज्ञापन

बाढ़ क्षेत्र में नाव का परिचलन शुरू | Prabhat Khabar Network

Begusarai News : गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से साहेबपुरकमाल के कई गांव टापू बन गए हैं. डीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर अधिकारियों को राहत कार्य के निर्देश दिए हैं.

विज्ञापन

Begusarai News : साहेबपुरकमाल. गंगा नदी में उफान के कारण साहेबपुरकमाल प्रखंड क्षेत्र के सात गांवों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है. गंगा नदी और बांध के बीच स्थित सलेमाबाद, ज्ञान टोल, बहलोरिया, छर्रा पट्टी, श्रीनगर, रघुनाथपुर और हिराटोल गांव चारों ओर से बाढ़ के पानी से घिर गए हैं. गांवों के निचले हिस्से में स्थित मकानों में अब पानी प्रवेश करने लगा है. वहीं, सलेमाबाद गांव का मुख्य मार्ग बाढ़ की चपेट में आने से प्रखंड और पंचायत कार्यालय से गांव का संपर्क टूट गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

मक्का की फसल डूबी, पशुचारे का संकट

दियारा क्षेत्र में लगी मक्का की फसल बाढ़ के पानी में डूब गई है. फसल के डूबने से पशुपालकों के सामने पशुचारे का संकट उत्पन्न हो गया है. वहीं, सभी रास्ते बाढ़ के पानी में डूब जाने के कारण बाजार, अस्पताल, प्रखंड और पंचायत कार्यालय सहित अन्य जरूरी स्थानों पर आने-जाने के लिए नाव ही एकमात्र विकल्प रह गया है. बाढ़ की स्थिति के कारण कुछ लोग गांव से पलायन करने को भी मजबूर हो गए हैं.

Also Read : नवादा: ईद-मिलादुन्नबी पर रजौली में निकला भव्य जुलूस, अमन और भाईचारे का दिया संदेश

डीएम ने लिया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा

बाढ़ की स्थिति और स्थानीय प्रशासन की तैयारियों का जायजा लेने मंगलवार की शाम बेगूसराय के डीएम रिची पांडेय भी कमला स्थान, समस्तीपुर पहुंचे. उन्होंने बाढ़ प्रभावित गांवों के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं. साथ ही बाढ़ की स्थिति से निबटने के लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से की गई तैयारियों का भी जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया.

बाढ़ की स्थिति का जायजा लेते वरीय अधिकारी
बाढ़ की स्थिति का जायजा लेते वरीय अधिकारी

पर्याप्त नाव और राहत व्यवस्था के निर्देश

डीएम ने मौजूद अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में नाव की व्यवस्था करने और बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का निर्देश दिया. उन्होंने जरूरत पड़ने पर बाढ़ पीड़ितों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा. इसके अलावा गोताखोरों की गश्ती, पशुचारा सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

Also Read : नवादा: पैगंबर मोहम्मद साहब की जयंती पर निकला जुलूस, अमन-चैन और भाईचारे का दिया संदेश

सरकारी नाव पर झंडा लगाने का निर्देश

डीएम ने सरकारी नावों पर झंडा लगवाने और सुरक्षित नाव परिचालन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया. मौके पर बलिया एसडीओ तरनिजा, बीडीओ रवि सिन्हा, सीओ संतोष कुमार, मुखिया संजय यादव सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे.

Also Read : जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर नवादा में निकला भव्य जुलूस, आपसी भाईचारे का दिया संदेश

15 से 20 प्रतिशत घरों में घुसा बाढ़ का पानी

समस्तीपुर पंचायत के मुखिया संजय यादव ने बताया कि सलेमाबाद गांव के चारों तरफ बाढ़ का पानी फैल जाने से गांव टापू बन गया है. हाट-बाजार एवं अन्य जरूरी कार्यों के लिए बाहर आने-जाने को लेकर चार सरकारी सहित कुल पांच नावों का परिचालन हो रहा है. उन्होंने बताया कि गांव के निचले क्षेत्र में बने करीब 15 से 20 प्रतिशत मकानों के अंदर बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है.

दो फीट जलस्तर बढ़ा तो बढ़ेगी मुश्किल

मुखिया ने बताया कि अगर गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि जारी रही और करीब दो फीट पानी और बढ़ा, तो सामुदायिक भवन भी बाढ़ की चपेट में आ जाएगा. ऐसी स्थिति में ग्रामीणों की मुश्किल और बढ़ सकती है. उन्होंने बताया कि डीएम के क्षेत्र में आने की सूचना मिलने के बाद मंगलवार को ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में आने-जाने के मुख्य केंद्र कमला स्थान चौराहा पर हाईमास्ट लाइट लगवा दी गई, ताकि रात में भी लोगों को आवागमन में परेशानी न हो.

Also Read : नवादा: ईद-मिलादुन्नबी पर रजौली में निकला भव्य जुलूस, अमन और भाईचारे का दिया संदेश


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन