बेगूसराय: भगवानपुर में प्रसव के दौरान महिला की मौत, शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने चार घंटे किया जाम

Updated:
विज्ञापन

मौत के बाद विलाप करते परिजन

बेगूसराय के दहिया गांव स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला की मौत से परिजनों में आक्रोश है. महिला की मौत के बाद ग्रामीणों ने अस्पताल के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दिया, जिससे चार घंटे तक यातायात बाधित रहा.

विज्ञापन

Begusarai hospital protest: भगवानपुर थाना क्षेत्र के दहिया गांव स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला की मौत हो गयी. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल के सामने पिपरा-समसा पीडब्ल्यूडी पथ पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया. बुधवार सुबह करीब छह बजे से दस बजे तक सड़क जाम रहने से करीब चार घंटे तक यातायात बाधित रहा. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. मृतका की पहचान बसही गांव के वार्ड संख्या दो निवासी हरेराम साह की करीब 25 वर्षीय पत्नी सीमा कुमारी के रूप में हुई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

प्रसव के दौरान अधिक रक्तस्राव से मौत

परिजनों के अनुसार, मंगलवार शाम सीमा कुमारी को प्रसव कराने के लिए दहिया गांव स्थित निजी अस्पताल लाया गया था. यहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया. प्रसव के दौरान अधिक रक्तस्राव होने के बाद सीमा कुमारी की मौत हो गयी. नवजात बच्ची स्वस्थ और सुरक्षित बतायी गयी है.

महिला की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने चिकित्सकों व अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया. घटना के बाद मृतका की सास सुमित्रा देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा. ससुर रामाधार साह भी बेसुध नजर आये.

चार घंटे तक सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन

महिला की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने अस्पताल के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दिया. सुबह छह बजे से दस बजे तक जाम के कारण दैनिक मजदूरी करने वाले लोगों और स्कूली बच्चों समेत अन्य राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

जाम की सूचना मिलने पर प्रभारी थानाध्यक्ष सुमित कुमार, एसआइ राहुल राय, तेयाय ओपी प्रभारी कुमारी निकिता भारती, एसआइ पंकज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण चिकित्सक और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे.

मृतका की फाइल फोटो
मृतका की फाइल फोटो

जनप्रतिनिधियों के समझाने पर समाप्त हुआ जाम

करीब चार घंटे तक पुलिस की कोशिश के बाद भी ग्रामीणों का आक्रोश शांत नहीं हुआ. बाद में पूर्व प्रमुख शत्रुघ्न कुमार, राजद नेता राकेश कुमार और रणधीर वर्मा, दामोदरपुर के मुखिया प्रतिनिधि उपेंद्र सहनी, रसलपुर के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि मुकेश राय समेत अन्य लोगों ने ग्रामीणों को समझाया. इसके बाद सड़क पर रखा शव हटाया गया और जाम समाप्त हुआ. जाम समाप्त होने के बाद उक्त पथ पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो गया.

पति बेंगलुरु में करता है मजदूरी

मृतका के परिजनों के अनुसार, सीमा कुमारी के पति हरेराम साह बेंगलुरु में रहकर मजदूरी करते हैं और परिवार का भरण-पोषण करते हैं. पत्नी की मौत की सूचना मिलने के बाद वह आनन-फानन में बेंगलुरु से घर के लिए रवाना हुए. घटना के बाद सीमा कुमारी की दो मासूम बच्चियों के सिर से मां का साया उठ गया.

अवैध क्लिनिक की जांच की मांग

राजद प्रखंड अध्यक्ष रणधीर वर्मा ने घटना पर दुख जताते हुए जिला प्रशासन से प्रखंड क्षेत्र में संचालित निजी और अवैध क्लिनिकों की जांच कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए लापरवाही करने वाले संस्थानों पर कार्रवाई जरूरी है.

प्रभारी थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि जाम समाप्त होने के बाद विधि-व्यवस्था सामान्य है. फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन प्राप्त होने के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.

विलाप करते हुए परिजन, आक्रोशित लोगों को समझाते हुए पुलिस बल व मृतिका सीमा कुमारी का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
आक्रोशित लोगों को समझाते हुए पुलिस


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन