बेगूसराय के बखरी में एक साथ कई दुकानों पर छापेमारी, नशे के खिलाफ दुकानदारों को दी कड़ी हिदायत
बखरी के मुख्य बाजार स्थित केसरी मेडिकल में जांच करते हुए अधिकारी
प्रशासन नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए बेगूसराय में लगातार कार्रवाई कर रहा है. बखरी अनुमंडल में अधिकारियों की संयुक्त टीम ने कई दुकानों का निरीक्षण किया और दुकानदारों को नशीले पदार्थों की बिक्री से दूर रहने की सख्त हिदायत दी. यह अभियान युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है.
Police Raid Against Pleasurable High : बेगूसराय में नशे के कारोबार और सेवन पर रोक लगाने के लिए जिले में प्रशासन की निगरानी लगातार बढ़ रही है. दुकानों और संवेदनशील इलाकों में हो रही जांच के बीच बखरी अनुमंडल क्षेत्र में भी अधिकारियों की संयुक्त टीम ने सघन अभियान चलाया. अचानक हुई इस कार्रवाई के दौरान दर्जनों दुकानों का निरीक्षण किया गया और दुकानदारों को नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन से जुड़ी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गयी.
यह कार्रवाई डीएम रिची पांडे के निर्देश पर की गयी. बखरी एसडीओ सन्नी कुमार सौरव के नेतृत्व में प्रशासन, पुलिस, उत्पाद विभाग और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने अलग-अलग दुकानों की जांच की. टीम ने दुकानों में नशीले पदार्थों की बिक्री से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली और दुकानदारों को नियमों का पालन करने का निर्देश दिया.
दुकानदारों को साफ निर्देश, नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक
जांच के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी तरह के नशीले पदार्थ की बिक्री, उपलब्धता या सेवन को बढ़ावा देने वाली गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी. दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठान पर ऐसी किसी सामग्री की बिक्री नहीं करने को कहा गया, जिसका इस्तेमाल नशे के लिए किया जा सकता है या जो नियमों के खिलाफ हो.
WATCH VIDEO: सम्राट चौधरी बांट रहे जमीन! अफवाह सुनकर बिहार के कोने-कोने से पटना पहुंचे गरीब, वीडियो में देखें CM सचिवालय के बाहर का नजारा
अधिकारियों ने दुकानदारों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव और इससे जुड़ी कानूनी कार्रवाई के बारे में भी जानकारी दी. टीम ने उन्हें अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर पूरी तरह सतर्क रहने की हिदायत दी.
एसडीपीओ और ड्रग इंस्पेक्टर भी रहे मौजूद
अभियान के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर, एसडीपीओ कुंदन कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे. संयुक्त टीम ने बखरी क्षेत्र की विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर जांच की और नियमों के पालन को लेकर दुकानदारों को आवश्यक निर्देश दिए.
PM Awas Yojana: ओबरा में बारिश ने छीना गरीबों का आशियाना, कई मिट्टी के घर गिरे,अब PM आवास योजना का इंतजार
प्रशासन की इस कार्रवाई का मुख्य जोर युवाओं और किशोरों को सूखे नशे की गिरफ्त में जाने से रोकने पर है. अधिकारियों का कहना है कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करने के साथ परिवार और समाज पर भी असर डालती है.
बेगूसराय समेत सभी अनुमंडलों में जांच
जिला प्रशासन के अनुसार नशीले पदार्थों के खिलाफ यह अभियान केवल बखरी तक सीमित नहीं है. जिले के सभी अनुमंडलों में संयुक्त टीम बनाकर जांच की जा रही है. बेगूसराय, तेघड़ा, बलिया और मंझौल अनुमंडल में एसडीओ, एसडीपीओ, उत्पाद निरीक्षक और ड्रग इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम को अभियान की जिम्मेदारी दी गयी है.
ये टीमें अलग-अलग इलाकों में दुकानों और प्रमुख चौक-चौराहों पर जांच कर रही हैं. अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
सूचना मिलने पर होगी जांच, दोषियों पर कार्रवाई
डीएम रिची पांडे ने निर्देश दिया है कि सूखे नशे की बिक्री, सेवन या इसके अवैध कारोबार से जुड़ी किसी गतिविधि की सूचना मिलने पर उसकी जांच की जाए. दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन ने दुकानदारों के साथ आम लोगों से भी नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में सहयोग करने की अपील की है. बखरी में सघन जांच के बाद प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी. संवेदनशील इलाकों में जांच को और तेज किया जाएगा.
WATCH VIDEO : औरंगाबाद में सुबह-सुबह ऑटो को रौंदते हुए खेत में घुसा पिकअप,एक की मौत, कई घायल
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए