बेगूसराय में चार साल में ही उखड़ गई 30 लाख की सड़क, ग्रामीणों ने निर्माण गुणवत्ता पर उठाए सवाल

जर्जर सड़क की तस्वीर
Begusarai News : बेगूसराय के मंसूरचक में मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना की सड़क निर्माण के चार साल बाद ही जर्जर हो गई है। ग्रामीणों ने गुणवत्ता की जांच और मरम्मत की मांग की है।
Begusarai News : मंसूरचक प्रखंड के मकदमपुर विजैया टोला में मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत बनाई गई सड़क निर्माण के महज चार वर्ष बाद ही बदहाल हो गई है. सड़क की ऊपरी परत कई जगहों से उखड़ चुकी है और जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं. लगातार बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी और कीचड़ भर गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
सड़क की बदहाली से आवागमन हुआ मुश्किल
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण रोजाना आवागमन प्रभावित हो रहा है. गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और पैदल चलने वाले लोगों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है.
मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत हुआ था निर्माण
सड़क किनारे लगे शिलापट्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत एल-025 हरपुर से विजैया टोला तक करीब 0.425 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया गया था. इस योजना की स्वीकृत राशि 30 लाख 33 हजार 248 रुपये थी, जबकि निर्माण कार्य पर 28 लाख 15 हजार 511 रुपये खर्च किए गए थे. इसके अलावा सड़क के पांच वर्षों के रखरखाव के लिए 2 लाख 17 हजार 737 रुपये का भी प्रावधान किया गया था.
वर्ष 2021 में पूरा हुआ था निर्माण कार्य
जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण का कार्य 9 जून 2020 को शुरू हुआ था और 8 मार्च 2021 को इसे पूरा कर लिया गया था. ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के दौरान गुणवत्ता का समुचित ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण सड़क निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले ही क्षतिग्रस्त होने लगी.
रखरखाव को लेकर भी उठे सवाल
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की कई जगहों से गिट्टियां बाहर निकल आई हैं और रखरखाव के लिए अलग से राशि निर्धारित होने के बावजूद नियमित देखरेख नहीं की गई. उनका सवाल है कि जब रखरखाव के लिए बजट उपलब्ध था तो सड़क की मरम्मत समय पर क्यों नहीं कराई गई.
जांच और मरम्मत की मांग
स्थानीय लोगों ने ग्रामीण कार्य विभाग से सड़क निर्माण की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है. साथ ही जिला प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई करने और सड़क की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके.
Also Read : बेगूसराय में जमीन के टुकड़े के लिए चली गोलियां, चार घायल, दो आरोपितों को ग्रामीणों ने पकड़कर पीटा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By पंकज झा
पंकज झा प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










