बेगूसराय से यूपी जाने वालों की जेब पर बढ़ा बोझ, NH-28 पर टोल की नई दरें लागू, जानें किस वाहन पर कितना शुल्क
बेगूसराय टोल टैक्स (सांकेतिक तस्वीर )
NH-28 Toll Tax Rate Increased : बेगूसराय से उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले वाहन चालकों के लिए टोल टैक्स की नई दरें लागू हो गई हैं. कार, जीप और मिनी बस जैसे छोटे वाहनों के लिए टोल शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है. हालांकि, बड़े वाहनों जैसे ट्रक और बस पर टोल टैक्स में बढ़ोतरी की गई है.
NH-28 Toll Tax Rate Increased : बेगूसराय से सड़क मार्ग के जरिए उत्तर प्रदेश जाने वाले वाहन चालकों और मालिकों की परेशानी बढ़ने वाली है. अगर आप बरौनी से निकलकर समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज होते हुए यूपी की ओर सफर करते हैं, तो अब इस रास्ते पर आपको पहले से ज्यादा टोल देना होगा. NH-28 पर टोल टैक्स की नई दरें लागू कर दी गई हैं. हालांकि कुछ वाहनों के लिए नई दरें लागू नहीं होती है. इसमें छोटी गाड़ियों को राहत दी गई है, जबकि बड़ी गाड़ियों की अलग-अलग कैटेगरी में 5 से 10 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है.
बेगूसराय से यूपी जाने वाले कार चालकों को राहत
बेगूसराय से उत्तर प्रदेश की ओर कार या जीप से जाने वाले लोगों के लिए टोल शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है. जानकारी के अनुसार कार, जीप और मिनी बस जैसे छोटे वाहनों को नई दरों में राहत दी गई है. यानी कार, जीप और LMV श्रेणी के वाहनों के लिए सिंगल जर्नी का शुल्क पहले की तरह 45 रुपए ही रहेगा. वहीं रिटर्न जर्नी के लिए 70 रुपये देने होंगे.

मिनी बस से सफर करने वालों के लिए भी पुरानी दर
जानकारी के अनुसार मिनी बसों के टोल शुल्क में बढ़ोतरी नहीं की गई है. मिनी बस के लिए सिंगल जर्नी का शुल्क 75 रुपये और रिटर्न जर्नी का शुल्क 115 रुपये निर्धारित है. नियमित सफर करने वाले वाहन मालिकों के लिए मंथली पास 2,545 रुपये में उपलब्ध रहेगा.
ट्रक और बस से यूपी जाना हुआ महंगा
बड़े वाहनों से बेगूसराय से यूपी की ओर जाने वाले वाहन चालकों को अब पहले की तुलना में अधिक टोल देना होगा. टू-एक्सल बस और ट्रक के लिए सिंगल जर्नी का शुल्क 155 रुपये से बढ़ाकर 160 रुपये कर दिया गया है. वहीं रिटर्न जर्नी के लिए 240 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है.
तीन एक्सल वाले वाहनों पर भी बढ़ा शुल्क
तीन एक्सल वाले वाहनों के लिए भी टोल की नई दर लागू हो गई है. इस श्रेणी में सिंगल जर्नी का शुल्क अब 170 रुपये की जगह 175 रुपये देना होगा. वहीं इस श्रेणी के वाहनों के लिए मंथली पास 5,815 रुपये में उपलब्ध रहेगा.
बड़े वाहनों पर 10 रुपये तक बढ़ोतरी
चार एक्सल या इससे अधिक वाले बड़े वाहनों के लिए टोल में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी की गई है. पहले ऐसे वाहनों से सिंगल जर्नी के लिए 240 रुपये लिये जाते थे, लेकिन अब यह शुल्क बढ़कर 250 रुपये हो गया है. यानी इस श्रेणी के वाहन से बेगूसराय से यूपी की ओर जाने पर एक जर्नी में 10 रुपये अधिक टोल देना होगा.
फास्टैग खराब है तो देना होगा अतिरिक्त शुल्क
टोल प्लाजा प्रबंधन के मुताबिक, जिन वाहनों में फास्टैग ( FASTag) नहीं लगा है या फास्टैग (FASTag) काम नहीं कर रहा है, उनसे निर्धारित शुल्क के अलावा 1.25 फीसदी अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा. ऐसे में बेगूसराय से यूपी जाने वाले वाहन चालकों के लिए सफर शुरू करने से पहले फास्टैग (FASTag) की स्थिति जांचना जरूरी होगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए