बेगूसराय की रागिनी की पुणे में मौत, गणपति पूजा के कुछ घंटे बाद मिला शव; 8 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि
रोते हुए मृतका की माँ को ढांढस बढ़ाते हुए उपस्थित अन्य लोग
पुणे में गणपति पूजा के कुछ घंटे बाद 31 वर्षीय रागिनी कुमारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. आठ वर्षीय बेटे ने बेगूसराय में मां को मुखाग्नि दी. परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग की है.
Begusarai Ragini Murder Case : गणपति पूजा के दौरान परिवार के साथ खिंचवाई गई तस्वीर में सब कुछ सामान्य नजर आ रहा था. किसी को अंदाजा नहीं था कि यह 31 वर्षीय रागिनी कुमारी की आखिरी तस्वीर बन जाएगी. तस्वीर खिंचवाने के कुछ घंटे बाद पुणे स्थित फ्लैट में रागिनी का शव मिला. बुधवार को उनका शव बेगूसराय के सिमरिया घाट पहुंचा, जहां आठ वर्षीय बेटे ने मां को मुखाग्नि दी. इस दौरान वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गयीं. रागिनी बेगूसराय जिला मुख्यालय क्षेत्र निवासी सेवानिवृत्त सूबेदार रामकिशोर मिश्रा की बेटी थीं.
रागिनी की मौत की परिस्थितियों को लेकर मायके वालों ने सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. उनके भाई गौतम के आवेदन पर पुणे के बावधन थाने में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
गणपति पूजा के कुछ घंटे बाद मिला शव
जानकारी के अनुसार, 14 सितंबर को पुणे में गणपति पूजा के दौरान रागिनी ने पति धीरज कुमार राय और दोनों बच्चों के साथ तस्वीर खिंचवाई थी. इसके कुछ घंटे बाद रात करीब 8:30 बजे पुणे की अविला सोसाइटी स्थित फ्लैट में उनका शव मिला.
घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके के लोग पुणे पहुंचे. परिजनों ने मौत की परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की. पुलिस के अनुसार, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों से स्पष्ट होगी. इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सिमरिया घाट पर बेटे ने दी मां को अंतिम विदाई
पंचायत के बाद बुधवार को रागिनी का शव बेगूसराय लाया गया. सिमरिया घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया. आठ वर्षीय बेटे ने मां को मुखाग्नि दी. मां को अंतिम विदाई देते समय का यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए बेहद भावुक कर देने वाला रहा.
9 साल पहले हुई थी शादी
करीब नौ वर्ष पहले उनकी शादी समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के शासन गांव निवासी हरेराम राय के पुत्र धीरज कुमार राय से हुई थी. धीरज पुणे में टीसीएस में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं. शादी के बाद रागिनी भी पति के साथ पुणे में रहने लगी थीं.
रागिनी और धीरज के दो बच्चे हैं. आठ वर्षीय बेटा और सात वर्षीय बेटी अब मां के साये से दूर हो गये हैं. परिजनों के मुताबिक रागिनी बीटेक की पढ़ाई कर चुकी थीं और शादी से पहले नौकरी भी करती थीं. शादी के बाद उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी.
मोबाइल फोन को लेकर परिवार ने उठाए सवाल
मायके वालों का आरोप है कि रागिनी को लंबे समय से मोबाइल फोन इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं थी. उनके भाई उत्तम मिश्रा ने इस वर्ष रक्षाबंधन पर उन्हें मोबाइल फोन दिया था. परिवार का आरोप है कि धीरज ने इसका विरोध किया और मोबाइल अपने पास रख लिया. गौतम के पुलिस को दिए आवेदन में इसे परिवार से संपर्क सीमित करने और कथित मानसिक प्रताड़ना से जोड़ते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की गयी है.
पिता ने भी की मौत की परिस्थितियों की जांच की मांग
रागिनी के पिता रामकिशोर मिश्रा ने भी बेटी की मौत की परिस्थितियों की जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि रागिनी की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी. उन्होंने बेटी की गर्दन पर नीले और काले निशान होने की बात भी कही है.

हालांकि मौत का वास्तविक कारण जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. फिलहाल पुणे पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
पंचायत में बच्चों के भविष्य को लेकर हुई चर्चा
पुणे से रागिनी का शव बाद में समस्तीपुर जिले के शासन गांव लाया गया. यहां मायके और ससुराल पक्ष के लोगों की मौजूदगी में पंचायत हुई. सामने आये वीडियो में ग्रामीण और रिश्तेदार धीरज से रागिनी के मायके वालों से संपर्क और मोबाइल इस्तेमाल को लेकर सवाल करते दिखाई दे रहे हैं.
पंचायत में दोनों बच्चों के भविष्य को लेकर भी चर्चा हुई. पैतृक संपत्ति और मकान में दोनों बच्चों का हिस्सा सुरक्षित रखने, उनकी पढ़ाई का खर्च उठाने और रागिनी के नाम जमा राशि बच्चों के लिए सुरक्षित रखने को लेकर सहमति बनने की बात सामने आयी है. दोनों बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी लेने और भविष्य में दूसरी शादी नहीं करने को लेकर भी सहमति की बात कही गयी है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अब रागिनी के मायके वालों की नजर पुणे पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर है. इन्हीं के आधार पर उनकी मौत की वास्तविक परिस्थितियों के स्पष्ट होने की उम्मीद है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए