बेगूसराय: भगवानपुर में पीएचईडी विभाग से संचालित जलमीनार संचालकों को 19 माह से नहीं मिला वेतन, आंदोलन की चेतावनी
बकाया भुगतान को लेकर प्रखंड प्रमुख को मांग पत्र सौंपते हुए जलमीनार संचालक | Prabhat Khabar Network
भगवानपुर प्रखंड के दामोदरपुर पंचायत में नल-जल योजना के जलमीनार संचालकों में 19 महीनों से मानदेय न मिलने से भारी आक्रोश है. मात्र ₹2500 प्रतिमाह पर काम करने वाले संचालकों ने एक सप्ताह में भुगतान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है.
Begusarai News: बेगूसराय जिले के भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत दामोदरपुर पंचायत में नल-जल योजना के जलमीनार संचालकों ने पिछले 19 महीनों से मानदेय न मिलने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है. बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर वार्ड संख्या 4 से 8 तक के संचालकों ने प्रखंड प्रमुख, बीडीओ और बीपीआरओ को एक लिखित आवेदन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की गुहार लगाई है.
मात्र 2500 रुपये मानदेय पर कर रहे काम, फिर भी भुगतान अटका
जलमीनार संचालकों का कहना है कि वे मात्र 2,500 रुपये प्रतिमाह के मामूली मानदेय पर समयबद्ध तरीके से जलमीनार का संचालन और रख-रखाव कर रहे हैं. इसके बावजूद संवेदक द्वारा बीते 19 महीनों से उनके वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है. लंबे समय से बकाया रहने के कारण उनके सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और दैनिक जीवन की जरूरतें पूरी करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
एक सप्ताह में भुगतान न होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
मांग पत्र सौंपने वाले वार्ड संख्या 4 के संचालक पप्पू कुमार, वार्ड 5A के अमित कुमार, 5B के ब्रजेश कुमार, वार्ड 6 के विजय चौधरी, वार्ड 7 के गंगाधर चौधरी और वार्ड 8 के रामायण चौधरी ने एक स्वर में कहा कि यदि एक सप्ताह के अंदर उनके बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया, तो वे बाध्य होकर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन शुरू करेंगे.
प्रखंड प्रमुख और बीपीआरओ ने दिया समाधान का आश्वासन
इस मामले पर प्रखंड प्रमुख इंद्रजीत कुमार ने कहा कि जलमीनार संचालकों के मानदेय से जुड़ी यह समस्या पूरे प्रखंड क्षेत्र में बनी हुई है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने जिला प्रशासन से अविलंब संज्ञान लेकर भुगतान कराने की मांग की. वहीं, बीपीआरओ अमित अक्षय मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में आ गया है और संबंधित विभागीय पदाधिकारियों व संवेदक से वार्ता कर इस समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए