खरीदने के 8 मिनट के अंदर स्कॉर्पियो उठा ले गए चोर, बेगूसराय से सामने आया हैरान कर देने वाला मामला

Updated:
विज्ञापन

घटना के बाद मौके पर जांच करती पुलिस और मौजूद स्थानीय लोग.

Begusarai News : बेगूसराय के गढ़हरा थाना क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी नई स्कॉर्पियो महज 8 मिनट में चोरी हो गई. पूरी घटना CCTV में कैद हुई है और पुलिस फुटेज के आधार पर जांच कर रही है.

विज्ञापन

Begusarai News : ढ़हरा थाना क्षेत्र में मुख्य सड़क के किनारे से एक कीमती स्कॉर्पियो गाड़ी की चोरी हो जाने की घटना से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है. यह वारदात गढ़हरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगर परिषद बीहट के वार्ड संख्या 11 स्थित हाजीपुर मसलनपुर चौक के पास की बताई जा रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

शोरूम से लाए थे नई गाड़ी

घटना के संबंध में स्थानीय जानकारों और पीड़ित परिवार ने बताया कि गुरुवार की रात लगभग 09 बजे संत कुमार उर्फ नटवर जीरोमाइल स्थित महिंद्रा शोरूम से एक सफेद रंग की डेमो स्कॉर्पियो (रजिस्ट्रेशन नंबर- JH 01 FN 1456) खरीदकर अपने घर पहुंचे थे. गाड़ी को घर के बाहर मुख्य सड़क के किनारे सुरक्षित खड़ी करने के बाद वे खाना खाकर सो गए.

सुबह गायब मिली स्कॉर्पियो

शुक्रवार की सुबह लगभग 06 बजे जब वह रोजाना की तरह टहलने के लिए घर से बाहर निकले, तो देखा कि उनकी नई स्कॉर्पियो गायब है. गाड़ी गायब देख उनके होश उड़ गए. पीड़ित ने तुरंत इस घटना की सूचना अपने परिजनों को दी और इसके बाद तत्काल गढ़हरा थाना पुलिस को मामले से लिखित रूप से अवगत कराया गया.

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

वाहन चोरी की सूचना मिलते ही गढ़हरा थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार राम एवं एफसीआई थानाध्यक्ष दलबल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की गहन छानबीन में जुट गए. पुलिस टीम द्वारा आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. सीसीटीवी फुटेज से जो टाइमलाइन सामने आई है, उसने सबको चौंका दिया है. फुटेज के अनुसार, रात 09 बजे गाड़ी लगाकर संत कुमार अपने घर के अंदर चले जाते हैं. इसके बाद मध्यरात्रि ठीक 01 बजे एक सफेद रंग की संदिग्ध कार चोरी की गई स्कॉर्पियो के पास आकर रुकती है.

रात 1:08 बजे गाड़ी लेकर फरार

उस कार से दो अज्ञात युवक नीचे उतरते हैं और कार आगे जीरोमाइल की तरफ चली जाती है. इसके ठीक सात मिनट बाद, यानी रात के 01 बजकर 07 मिनट पर वही संदिग्ध कार वापस स्कॉर्पियो के पास आकर रुकती है और एक ही मिनट के भीतर, यानी रात के 01 बजकर 08 मिनट पर शातिर वाहन चोर स्कॉर्पियो का लॉक तोड़कर उसे लेकर जीरोमाइल की तरफ तेजी से फरार हो जाते हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, शातिर चोरों ने महज आठ मिनट के भीतर इस पूरी बड़ी वारदात को अंजाम दिया है.

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

पीड़ित वाहन मालिक संत कुमार ने घटना के संबंध में गढ़हरा थाना में लिखित आवेदन देकर चोरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और गाड़ी बरामदगी की मांग की है. इस संबंध में गढ़हरा थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार राम ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आलोक में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है.

व्यवसायियों और निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता

चोरी गई स्कॉर्पियो की त्वरित बरामदगी और इस शातिर गिरोह को अंजाम देने वाले अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों को खंगाल रही है. मुख्य सड़क के किनारे से हुई इस हाई-प्रोफाइल चोरी के बाद स्थानीय व्यवसायियों और निवासियों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता देखी जा रही है.

Also Read : बेगूसराय में पुलिस-जनता संवाद, एएसपी सुबोध कुमार ने लोगों से कहा- खुलकर रखें अपनी समस्या, लेंगे एक्शन

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन