बेगूसराय में जनता दरबार में रिकॉर्ड 85 आवेदन, डीएम ने समयबद्ध समाधान का दिया निर्देश
जनता दरबार में मामले की सुनवाई करते डीएम रिची पांडेय | Prabhat Khabar Network
बेगूसराय डीएम की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में 85 नागरिकों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन जमा किए. जिला प्रशासन ने फेसबुक पर लाइव प्रसारण कर जनता दरबार की कार्यप्रणाली की जानकारी दी.
बिहार सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के तहत समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला पदाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया.
जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं तथा शिकायतों के समाधान के लिए जिला पदाधिकारी के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किए. जनता दरबार में आज रिकॉर्ड 85 आवेदन प्राप्त हुए.
आवेदनों पर त्वरित निर्देश
जिला पदाधिकारी ने सभी आवेदनों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए संबंधित लाभुकों से मुलाकात की एवं पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन की निष्पक्ष एवं संवेदनशीलता के साथ जांच करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उसका गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं संतोषजनक निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
जिला प्रशासन की प्राथमिकता
जिला पदाधिकारी श्री पांडेय ने कहा कि जनता दरबार जिला प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधे संवाद का प्रभावी एवं सशक्त माध्यम है.
राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक की समस्या एवं शिकायत का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ समाधान सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
फेसबुक पर लाइव प्रसारण
जनता दरबार के दौरान जिला प्रशासन की ओर से एक विशेष एवं अभिनव पहल भी की गई. जनता दरबार में उपस्थित आवेदकों एवं उनकी समस्याओं से संबंधित प्रक्रिया का जिला प्रशासन के फेसबुक माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया.
इसका उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों तक जनता दरबार की व्यवस्था एवं इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी पहुंचाना तथा आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इस सुविधा का लाभ उठाने हेतु प्रेरित करना है.
साप्ताहिक आयोजन की व्यवस्था
जिला पदाधिकारी ने बताया कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा प्रशासन तक उनकी सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाता है.
जिले का कोई भी नागरिक अपनी व्यक्तिगत अथवा जनहित से जुड़ी समस्या लेकर जनता दरबार में उपस्थित होकर जिला प्रशासन के समक्ष अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकता है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए