बेगूसराय : हीरा टोल के स्कूल में घुसा बाढ़ का पानी, अब एनएच-31 पर भी पानी फैलने का डर, पूर्व विधायक ने किया निरीक्षण

Updated:
विज्ञापन

हिरा टोल गांव में बाढ़ का पानी | Prabhat Khabar Network

बेगूसराय में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर से हीरा टोल गांव बाढ़ की चपेट में आ गया है. ग्रामीणों को अब NH-31 पर पानी फैलने का डर सता रहा है. बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर भाकपा ने तत्काल राहत की मांग की है.

विज्ञापन

Begusarai Ganga Flood : गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से साहेबपुरकमाल प्रखंड में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है. एनएच 31 किनारे स्थित हीरा टोल गांव भी बाढ़ की चपेट में आ गया है. गांव के स्कूल परिसर में पानी घुसने के बाद ग्रामीणों को अब एनएच 31 पर भी बाढ़ का पानी फैलने की आशंका सताने लगी है. इससे लोगों की चिंता बढ़ गई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

भाकपा जिला टीम ने किया प्रभावित इलाकों का दौरा

बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव सह पूर्व विधायक अवधेश कुमार राय के नेतृत्व में जिला टीम ने रविवार को बलिया एवं साहेबपुरकमाल प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया.

टीम ने चेचियाही बांध, तुलसी टोल समेत कई इलाकों में पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लिया और लोगों की समस्याएं सुनीं. प्रभावित परिवारों ने राहत सामग्री, पेयजल, नाव और अन्य जरूरी सुविधाओं की कमी से नेताओं को अवगत कराया.

राज्य व केंद्र सरकार से राहत कार्य तेज करने की मांग

पूर्व विधायक अवधेश कुमार राय ने कहा कि स्थानीय प्रशासन अपनी क्षमता के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है, लेकिन बाढ़ की गंभीरता को देखते हुए राज्य और केंद्र सरकार को और गंभीरता से काम करने की जरूरत है.

बाढ़ की चपेट में स्कूल
बाढ़ की चपेट में स्कूल

उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के लिए पर्याप्त भोजन, राहत सामग्री, स्वच्छ पेयजल, पशुचारा, पर्याप्त नाव, चिकित्सा सुविधा और अन्य जरूरी संसाधन तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की.

ताजपुर में नाव की समस्या पर अधिकारियों से वार्ता का आश्वासन

इस दौरान ताजपुर गांव के बाढ़ प्रभावित परिवारों ने नाव की व्यवस्था नहीं होने की शिकायत पूर्व विधायक से की. ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के कारण आवागमन बाधित है, जिससे रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए भी लोगों को परेशानी हो रही है.

Also Read : बेगूसराय में बाढ़ से 3.80 लाख आबादी प्रभावित, गंगा खतरे के निशान से 1.75 मीटर ऊपर; जिला प्रशासन अलर्ट मोड में

इस पर अवधेश कुमार राय ने कहा कि वे बलिया के अंचलाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी से बात कर गांव में नाव की व्यवस्था कराने का प्रयास करेंगे.

पूर्व विधायक रामरतन सिंह व ललिता कुमारी की अपील

भाकपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्व विधायक रामरतन सिंह ने कहा कि बाढ़ से बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हुए हैं. ऐसे में प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत सामग्री पहुंचाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य में और तेजी लाने की जरूरत है. भाकपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य सह पूर्व मुखिया ललिता कुमारी ने साहेबपुरकमाल प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की.

बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में भ्रमण का फोटो | Prabhat Khabar Network
निरीक्षण करते पूर्व विधायक व अन्य

उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने और जरूरतमंद परिवारों के लिए पर्याप्त राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया. निरीक्षण के दौरान सचिव मंडल सदस्य प्रताप नारायण सिंह, छात्र नेता अमीन हमजा, अमरेश कुमार सिंह, अंचल सचिव सह पूर्व प्रमुख मनोज कुमार, बलिया अंचल मंत्री संजीव सरोज, अनवर आलम, राजेश कुमार राजेश सहित भाकपा के कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद थे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन